झारखंड पुलिस एसोसिएशन में चुनावी बिगुल, एसआईआरबी व आईआरबी में 17 मई से शुरू होगा वोटिंग का महासंग्राम

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राज्य की विभिन्न जिला इकाइयों, वाहिनियों और शाखाओं में संगठनात्मक चुनाव कराने की घोषणा की है। चुनाव 17 और 24 मई 2026 को दो चरणों में होंगे। केंद्रीय नेतृत्व ने शाखाओं को शांतिपूर्ण मतदान और आम सभा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन में चुनावी बिगुल, एसआईआरबी  व आईआरबी में 17 मई से शुरू होगा वोटिंग का महासंग्राम
शाखाओं में होगी वोटिंग; पर्यवेक्षक तैनात।
  • दो चरणों में 17 और 24 मई को मतदान
  • आम सभा बुलाने से पहले लेनी होगी अनुमति

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड पुलिस एसोसिएशन केन्द्रीय कार्यालय, रांची ने राज्यभर की जिला इकाइयों, वाहिनियों और शाखाओं में संगठनात्मक चुनाव कराने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार द्वारा जारी पत्र में चुनाव कार्यक्रम, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और शाखाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। चुनाव को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें: मुंबई में ‘हरा ड्रम कांड’! प्रेमी को मौत के घाट उतार नाले में फेंकी लाश, महिला समेत दो गिरफ्तार

राज्य के पुलिस महकमे में इस घोषणा के बाद चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न शाखाओं में पदाधिकारियों के चयन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सभी निर्धारित इकाइयों में अध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

दो चरणों में होगा चुनाव

झारखंड police association चुनाव 2026 का पहला चरण 17 मई को आयोजित होगा, जबकि दूसरा चरण 24 मई को संपन्न कराया जाएगा। चुनाव को लेकर संबंधित शाखाओं में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

17 मई को इन इकाइयों में मतदान

एसआईआरबी-1 दुमका
एसआईआरबी-2 खूंटी
आईआरबी-2 मुसाबनी
आईआरबी-8 गोड्डा
आईआरबी-9 गिरिडीह

24 मई को इन इकाइयों में मतदान

आईआरबी-1 जामताड़ा
आईआरबी-4 लातेहार
आईआरबी-5 गुमला
आईआरबी-10 पलामू

चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

एसोसिएशन के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष चुनाव पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी है। इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। साथ ही चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इस पर भी नजर रखी जाएगी।

शाखाओं को जारी हुए सख्त निर्देश

केंद्रीय कार्यालय की ओर से सभी शाखा अध्यक्षों और सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि चुनाव कराने से पहले अपने-अपने नियंत्री पदाधिकारी से अनिवार्य रूप से अनुमति प्राप्त करें। अनुमति मिलने के बाद ही आम सभा बुलाने और सदस्यों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक शाखा को आय-व्यय का पूरा ब्यौरा और केंद्रीय अंशदान की जानकारी अनिवार्य रूप से रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय को भेजनी होगी।

पुलिस महकमे में बढ़ी हलचल

चुनाव की घोषणा के बाद पुलिस विभाग के विभिन्न इकाइयों में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई शाखाओं में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि इस बार कई इकाइयों में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के चुनाव को पुलिसकर्मियों के संगठनात्मक अधिकारों और नेतृत्व चयन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव के जरिए नई टीम आगामी वर्षों में पुलिसकर्मियों की समस्याओं, सुविधाओं और संगठनात्मक मांगों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।