पलामू पुलिस में बड़ा फेरबदल: कई थानों के प्रभारी बदले, एसपी कपिल चौधरी का बड़ा एक्शन
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने जिले में बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। छत्तरपुर, चैनपुर, पाटन, पांकी समेत कई थानों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। महिला थानों में भी नई तैनाती की गई है।
- छत्तरपुर से सदर तक बदले थाना प्रभारी
पलामू (Threesocieties.com Desk) : पलामू जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में एसपी कार्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से किए गए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े: झारखंड पुलिस एसोसिएशन में चुनावी बिगुल, एसआईआरबी व आईआरबी में 17 मई से शुरू होगा वोटिंग का महासंग्राम
जारी आदेश के अनुसार सौरव चौबे को छत्तरपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि लालजी को चैनपुर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अनिल विद्यार्थी को पाटन थाना, दीपक सिंह को पांकी थाना, प्रदीप शर्मा को पिपरा थाना तथा नीरज कुमार को नौडीहा बाजार थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद कई थानों में नई कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं सदर थाना की जिम्मेदारी अफजल अंसारी को दी गई है। देवरी थाना में राजू गुप्ता, हैदरनगर थाना में तंजीलुल मनान तथा सतबरवा थाना में प्रदीप कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला थानों में भी नई तैनाती की गई है। छत्तरपुर महिला थाना में रूपा बाखला, टाउन महिला थाना में पार्वती कुमारी और हुसैनाबाद महिला थाना में मुन्नी कुमारी को थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी नवनियुक्त थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल के बाद जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।






