धनबाद में सिटी हॉक्स का सख्त संदेश: अड्डाबाजी पर वार, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च से अपराधियों में हड़कंप
धनबाद में एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी हॉक्स टीम ने व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। अड्डाबाजी और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सख्ती बढ़ी, आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।
- सिटी हॉक्स का फ्लैग मार्च, अड्डाबाजों को खुली चेतावनी
धनबाद (Threesocieties.com Desk )। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अड्डाबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी हॉक्स टीम ने शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर शक्ति प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: चार नये श्रम कोड के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल, BMS अलग… कोल इंडिया ने दी‘नो वर्क-नो पे’ की चेतावनी

फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) सुमित कुमार ने किया। इस दौरान हीरापुर, स्टेशन रोड, बैंक मोड़, धनसार चौक, नया बाजार, सिटी सेंटर, मेमको मोड़, गोल बिल्डिंग, स्टील गेट, सरायढेला और पुलिस केंद्र सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन गश्त की गई।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ी पुलिस की चौकसी
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की गाड़ियों और जवानों की मौजूदगी से पूरे शहर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की सक्रियता से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, वहीं अड्डाबाजी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के बीच हड़कंप मच गया।
डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जिले में शांति और निष्पक्ष माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधियों और किसी भी प्रकार की आपराधिक हरकतों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
अपराधियों पर कड़ी नजर, गश्त और होगी सख्त
पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च के दौरान नागरिकों से भी संवाद किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही लोगों को आश्वस्त किया गया कि आने वाले दिनों में गश्त और निगरानी को और तेज किया जायेगा। डीएसपी सुमित कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने यह भी दोहराया कि अपराध नियंत्रण में जनता की भागीदारी बेहद अहम है।
चुनावी माहौल में सतर्क प्रशासन
चुनाव को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पूरी तैयारी में है। फ्लैग मार्च के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। धनबाद पुलिस की इस सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जबकि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी निगरानी जारी है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
धनबाद और झारखंड की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें Threesocieties.com के साथ।






