युवा संगम-VI के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू: IIT-ISM धनबाद के जरिए युवाओं को मिलेगा देश की विविध संस्कृति जानने का मौका
युवा संगम चरण-VI के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। IIT-ISM धनबाद और IIT इंदौर के माध्यम से युवाओं को देश की संस्कृति, परंपरा और विकास को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 18 मार्च 2026 है।
धनबाद( Threesocieties.com Desk)। भारत की सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और विकास की झलक को करीब से देखने का अवसर अब युवाओं के लिए फिर खुल गया है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के तहत आयोजित युवा संगम (Yuva Sangam) चरण-VI के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 2 मार्च 2026 से शुरू हो चुका है। इच्छुक युवा 18 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद में अपराध पर लगाम: फरवरी में 369 केस दर्ज, 402 का निपटारा; लंबित मामले घटकर 1999
यह कार्यक्रम देश के युवाओं को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, जीवन-शैली, विकास और तकनीकी उपलब्धियों को प्रत्यक्ष रूप से देखने-समझने का अवसर प्रदान करता है। इस पहल के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं के बीच संवाद, सहभागिता और आपसी समझ को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
IIT-ISM धनबाद को मिला महत्वपूर्ण दायित्व
इस चरण में देशभर के 22 उच्च शिक्षण संस्थानों (HEIs) को 11 राज्य-केंद्रशासित प्रदेश युग्मों में जोड़ा गया है। अधिसूचना के अनुसार IIT (ISM) धनबाद, झारखंड को IIT इंदौर, मध्य प्रदेश के साथ जोड़ा गया है। इसके तहत दोनों राज्यों के युवाओं के बीच अनुभव साझा करने और सांस्कृतिक परिचय के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस आदान-प्रदान कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी एक-दूसरे राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति, परंपरा, स्थानीय जीवन-शैली और विकास कार्यों को नजदीक से देख सकेंगे।
5–7 दिन के अनुभवात्मक भ्रमण
वर्ष 2023 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों के लिए 5 से 7 दिनों के अनुभवात्मक भ्रमण (Exposure Tours) आयोजित किए जाते हैं। इन यात्राओं को पाँच प्रमुख आयामों पर आधारित रखा गया है—
पर्यटन (Tourism)
परंपरा (Traditions)
प्रगति (Development)
प्रौद्योगिकी (Technology)
परस्पर संपर्क (People-to-People Connect)
इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत, तकनीकी नवाचार और विकासात्मक उपलब्धियों से परिचित कराया जाता है।
अब तक 6000 से अधिक युवाओं की भागीदारी
कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक देशभर से युवाओं की व्यापक भागीदारी देखने को मिली है। अब तक 6,000 से अधिक युवा और समन्वयक देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित 130 से अधिक अनुभवात्मक यात्राओं में शामिल हो चुके हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
इस कार्यक्रम में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए निम्न वर्ग के युवा पात्र हैं—
कॉलेज व विश्वविद्यालय के विद्यार्थी
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक
नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS) के स्वयंसेवक
अन्य युवा पेशेवर
इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
यहां करें आवेदन
युवा संगम चरण-VI में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवार निम्न पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं—
https://ebsb.aicte-india.org/
https://ekbharat.gov.in/
युवाओं से आवेदन करने की अपील
IIT (ISM) धनबाद ने पात्र युवाओं से इस अनूठे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। संस्थान का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने का मौका देता है और साथ ही “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करता है।






