धनबाद में Prince Khan गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार: भागाबांध जंगल में एनकाउंटर के बाद बम डिफ्यूज

धनबाद में पुलिस और Prince Khan गैंग के बीच बड़ी मुठभेड़ के बाद भागाबांध जंगल से जिंदा बम, पिस्टल और हथियार बरामद। तीन अपराधी घायल, कई गिरफ्तार। पुलिस की लगातार कार्रवाई से गैंग में दहशत।

धनबाद में Prince Khan गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार: भागाबांध जंगल में एनकाउंटर के बाद बम डिफ्यूज
पुलिस की गोल से जख्मी प्रिंस खान के दोनों गुर्गे।
  • जंगल में फॉरेंसिक टीम ने जिंदा बम किया नष्ट

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयला नगरी धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर Prince Khan के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोमवार तड़के रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने भागाबांध जंगल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के कई अपराधियों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से जिंदा बम, पिस्टल और अन्य हथियार बरामद किए।

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग का सख्त एक्शन: पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, गृह सचिव, DGP और कोलकाता पुलिस कमिश्नर हटाये गये

घटना के बाद रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम और बीडीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) ने जंगल में मिले जिंदा बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। तेज धमाके के साथ बम को निष्क्रिय किया गया।

भागाबांध जंगल में तड़के मुठभेड़

पुलिस को सूचना मिली थी कि Prince Khan गिरोह के छह शूटर केंदुआडीह क्षेत्र के भागाबांध चानक के पास जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर रांची और धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने इलाके की घेराबंदी की।खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अपराधी भागते समय गिरकर घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान बोर्रागढ़ ओपी की पुलिस गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं तीन अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।

तीन अपराधी गिरफ्तार, अस्पताल में इलाज

पुलिस ने घायल हालत में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

विक्की डोम – करकेंद श्याम कोठी निवासी

अफजल उर्फ अमन – वासेपुर निवासी

अमन सिंह उर्फ कुबेर सिंह – पलामू जिला निवासी

घायल विक्की डोम और कुबेर सिंह को पहले नावाडीह स्थित सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अफजल उर्फ अमन का भी पुलिस कस्टडी में इलाज चल रहा है।

कुबेर था दो गैंगों के बीच मजबूत कड़ी

पुलिस के अनुसार अमन सिंह उर्फ कुबेर सिंह Prince Khan और सुजीत सिन्हा गिरोह के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी था। वह सोशल मीडिया के जरिए गैंग के ऑडियो और वीडियो संदेश जारी करता था और व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने के नेटवर्क को संचालित करता था। बताया जाता है कि इसी के जरिए “KSS” नाम से एक संगठन बनाकर कारोबारियों को डराने और वसूली का काम किया जाता था।

विक्की डोम पर कई गंभीर मामले दर्ज

मुठभेड़ में घायल हुआ विक्की डोम एक हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ केंदुआडीह और आसपास के थानों में हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

हत्या केस में उम्रकैद की सजा, फिर भी बाहर था अफजल

अफजल उर्फ अमन वासेपुर के नीचे मोहल्ला का रहने वाला है। वह गैंगस्टर Prince Khan के साले टुन्ना खान का पुत्र बताया जाता है।वर्ष 2017 में वासेपुर में हुए अरबाज उर्फ विक्की हत्याकांड में निचली अदालत से उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। हालांकि फिलहाल वह अपील पर बेल लेकर जेल से बाहर था।

पहले भी हो चुके हैं एनकाउंटर

धनबाद पुलिस पिछले कुछ समय से Prince Khan गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। हाल ही में आठ मार्च 2025 को सरायढेला थाना क्षेत्र में पुलिस और गिरोह के बीच मुठभेड़ में अपराधी सुदीश ओझा घायल हुआ था।

वहीं 14 अक्टूबर 2025 को तेतुलमारी-राजगंज रोड पर हुई मुठभेड़ में जमशेदपुर का मोस्ट वांटेड अपराधी भानु मांझी पुलिस की गोली से घायल हुआ था।

विधानसभा तक गूंजा था Prince Khan का मामला

Prince Khan का नाम हाल ही में झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में भी गूंज चुका है। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी व एमएलए रागिनी सिंह ने सरकार से सवाल उठाते हुए कहा था कि दुबई में बैठकर Prince Khan अपने गुर्गों के जरिए झारखंड में रंगदारी और अपराध का नेटवर्क चला रहा है।सरकार की ओर से जवाब देते हुए गृह विभाग ने बताया था कि Prince Khan के प्रत्यर्पण के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है और उसके गुर्गों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।