धनबाद में 74.73% वोटरों की मैपिंग पूरी, 5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट; छूटे मतदाता जल्द कराएं नाम दर्ज

धनबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) के तहत अब तक 74.73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची और 7 अक्टूबर को अंतिम सूची जारी होगी। उपायुक्त आदित्य रंजन ने छूटे मतदाताओं से जल्द सत्यापन कराने की अपील की है।

धनबाद में 74.73% वोटरों की मैपिंग पूरी, 5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट; छूटे मतदाता जल्द कराएं नाम दर्ज
DC आदित्य रंजन ने की जल्द नाम जुड़वाने की अपील।

      HighLights

  • धनबाद जिले के 21.15 लाख मतदाताओं में से 15.81 लाख का सत्यापन संपन्न
  • करीब 5.34 लाख मतदाताओं की मैपिंग अब भी बाकी
  • 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा
  • 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी
  • 3.73 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गईं
  • 30 जून से 29 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे
  • DC आदित्य रंजन ने सभी मतदाताओं से नाम की मैपिंग सुनिश्चित कराने की अपील की

धनबाद (Threesocieties.com Desk): आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत धनबाद जिले में अब तक 74.73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

यह भी पढ़ें: बोकारो ट्रेजरी घोटाले के आरोपी जल्द होंगे बेनकाब, जांच अंतिम चरण में,रिपोर्ट बनेगी पूरे राज्य में कार्रवाई का आधार

उपायुक्त ने बताया कि जिले के कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाताओं में से 15 लाख 81 हजार 364 मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि अभी भी 5 लाख 34 हजार 633 मतदाताओं का सत्यापन शेष है। प्रशासन ने ऐसे सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना नाम मतदाता सूची में सत्यापित करा लें ताकि उनका नाम अंतिम सूची में सुरक्षित रह सके।

किस विधानसभा में कितनी हुई मैपिंग

विधानसभा क्षेत्रवार मैपिंग की स्थिति में सबसे बेहतर प्रदर्शन टुंडी और निरसा विधानसभा का रहा है।

टुंडी विधानसभा – 85.79%
निरसा विधानसभा – 85.04%
सिंदरी विधानसभा – 83.34%
बाघमारा विधानसभा – 80.46%
झरिया विधानसभा – 63.64%
धनबाद विधानसभा – 56.67%

धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मैपिंग होने के कारण प्रशासन ने यहां विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

3.73 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी

जिले के कुल 3 लाख 73 हजार 407 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं। इनमें:

सिंदरी में 75,884
निरसा में 69,806
धनबाद में 60,607
झरिया में 50,770
टुंडी में 63,873
बाघमारा में 52,467

मतदाताओं के रिकॉर्ड में त्रुटियां चिन्हित की गई हैं, जिनका सत्यापन और सुधार किया जाएगा।

कोई योग्य मतदाता नहीं छूटेगा

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो। जो मतदाता गणना प्रपत्र जमा करेंगे, उन्हें मैपिंग हुई हो या नहीं, प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। हालांकि, जिन मतदाताओं को Absent, Shifted, Death या Duplicate श्रेणी में रखा गया है या जिन्होंने हस्ताक्षर करने से इनकार किया है, उनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। हालांकि किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाएगा और प्रभावित व्यक्ति के लिए दो स्तर की अपील व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।

नए मतदाताओं के लिए दस्तावेजों के नियम

नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र और जन्मतिथि के आधार पर दस्तावेज जमा करने होंगे।

1 जुलाई 1987 से पहले जन्म होने पर केवल स्वयं का दस्तावेज पर्याप्त होगा।
1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्म होने पर स्वयं के साथ माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा।
2 दिसंबर 2004 के बाद जन्म होने पर स्वयं के साथ माता और पिता दोनों के दस्तावेज जमा करने होंगे।

विदेश में जन्मे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र तथा अन्य मामलों में नागरिकता प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।

ये है SIR-2026 का पूरा शेड्यूल

कार्यक्रम                           तिथि
प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य 20 जून - 29 जून
BLO का घर-घर सत्यापन अभियान 30 जून - 29 जुलाई
मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन 29 जुलाई तक
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026
दावा एवं आपत्ति अवधि 5 अगस्त - 4 सितंबर
दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 5 अगस्त - 3 अक्टूबर
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026

2484 हो गए मतदान केंद्र

राशनलाइजेशन प्रक्रिया के बाद धनबाद जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 2372 से बढ़कर 2484 हो गई है। यानी जिले में 112 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं ताकि मतदाताओं को मतदान में सुविधा मिल सके।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं जानकारी

मतदाता अपने मतदान केंद्र, मतदाता सूची में नाम, बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर समेत कई जानकारियां ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से देख सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में सुधार, नाम जोड़ने या हटाने से जुड़ी सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

DC आदित्य रंजन की अपील

प्रेस वार्ता के अंत में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में BLO और BLO सुपरवाइजर का सहयोग करें तथा अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से मैपिंग कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।