झारखंड: धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान का रांची में आतंक! जमीन कारोबारी से मांगी एक करोड़ रंगदारी

रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान का आतंक फिर सामने आया है। जमीन कारोबारी सतीश महतो से व्हाट्सएप कॉल के जरिए ₹1 करोड़ रंगदारी मांगी गई है। वेटर मनीष गोप हत्याकांड में भी प्रिंस खान का नाम जुड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

झारखंड: धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान का रांची में आतंक! जमीन कारोबारी से मांगी एक करोड़ रंगदारी
प्रिंस खान (फाइल फोटो)।
  • कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल से दी ₹1 करोड़ रंगदारी की धमकी
  • वेटर मनीष गोप हत्याकांड से जुड़ा नाम

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड की राजधानी रांची में गैंग्स ऑफ वासेपुर धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम एक बार फिर रंगदारी और धमकी के मामले में सामने आया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए वेटर मनीष गोप हत्याकांड के बाद अब एक जमीन कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।

यह भी पढ़ें: महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से की शादी, मंदिर में लिए आशीर्वाद

इस घटना के बाद शहर के कारोबारियों में दहशत का माहौल है। इस संबंध में खरसीदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज से दी धमकी

मिली जानकारी के अनुसार नामकुम थाना क्षेत्र के कुटियातु निवासी 31 वर्षीय जमीन कारोबारी सतीश कुमार महतो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्हें व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित के अनुसार कॉल करने वाला खुद को प्रिंस खान बता रहा था और उनसे एक करोड़ रुपये रंगदारी देने की मांग कर रहा था। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आठ मार्च से लगातार मिल रही धमकी

सतीश महतो के मुताबिक 8 मार्च की रात कई बार व्हाट्सएप ऑडियो कॉल और मैसेज आए। जब उन्होंने सुबह इन ऑडियो मैसेज को सुना तो उसमें कॉल करने वाला खुद को प्रिंस खान बताते हुए धमकी दे रहा था। इसके बाद 9 मार्च को भी सुबह से शाम तक कई बार कॉल और ऑडियो मैसेज आए और रंगदारी की मांग दोहराई गई। वहीं 10 मार्च की सुबह करीब 7:15 बजे फिर से व्हाट्सएप ऑडियो कॉल कर एक करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से सतीश महतो और उनका परिवार दहशत में है।

पुलिस को सौंपे गए सबूत

पीड़ित ने पुलिस को व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल सबूत पेनड्राइव में सौंप दिए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और कॉल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

वेटर मनीष गोप हत्याकांड में भी आया था नाम

इससे पहले भी गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज वेटर मनीष गोप हत्याकांड में सामने आ चुका है। पुलिस के अनुसार प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। जब रकम नहीं दी गई तो उसने दो शूटरों को भेजकर रेस्टोरेंट में गोलीबारी करवाई। इस गोलीबारी में वहां काम कर रहे वेटर मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एयरपोर्ट थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

हत्या के बाद भी दी थी बम से उड़ाने की धमकी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मनीष गोप की हत्या के बाद भी प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक से दोबारा एक करोड़ रुपये की मांग की थी।इस बार पैसे नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान के नाम पर रांची और आसपास के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। कॉल और ऑडियो मैसेज की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी कहां से दी गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।