Advertisement

बोकारो (Threesocieties.com Desk): धनबाद में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान अब पड़ोसी जिले बोकारो में भी अपने गैंग का नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा है। विदेश में बैठकर अपने गुर्गों के जरिए रंगदारी, धमकी और हत्या जैसे अपराधों को अंजाम देने वाला प्रिंस खान अब बोकारो के एक बड़े व्यवसायी को निशाना बनाकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देता दिख रहा है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: झारखंड: धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान का रांची में आतंक! जमीन कारोबारी से मांगी एक करोड़ रंगदारी

ताजा मामला बोकारो के बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र का है, जहां BMW कंपनी का काम करने वाले व्यवसायी सुरेश सिंह को प्रिंस खान की ओर से धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर ने उनसे रंगदारी की मांग की है और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

“कान नहीं खुला तो खोपड़ी खोल देंगे”

सूत्रों के अनुसार, प्रिंस खान ने फोन और मैसेज के जरिए सुरेश सिंह को धमकाते हुए कहा कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो उनकी साइट पर बम से हमला कराया जायेगा। धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया कि “अगर कान नहीं खुला तो खोपड़ी खोल देंगे”, जिससे इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि धनबाद की तरह बोकारो में भी गैंगस्टर की सक्रियता बढ़ना चिंता का विषय है।

विदेश में बैठकर चला रहा गैंग

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रिंस खान फिलहाल विदेश में बैठकर अपने नेटवर्क के जरिए झारखंड के कई जिलों में रंगदारी का नेटवर्क चला रहा है। उसके गुर्गे फोन कॉल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों को धमकाते हैं और पैसे की मांग करते हैं। धनबाद, बोकारो और आसपास के औद्योगिक इलाकों में कई बड़े व्यवसायियों को पहले भी इसी तरह धमकियां मिलने की चर्चा रही है।

पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती

इस घटना ने एक बार फिर झारखंड पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा धमकी के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।