JSCA U-15 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक आगाज: धनबाद की दमदार जीत, खूंटी ने जमशेदपुर को हराया

जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में धनबाद ने गिरिडीह को 62 रन से हराया, जबकि खूंटी ने रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर को 4 रन से मात दी।

JSCA U-15 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक आगाज: धनबाद की दमदार जीत, खूंटी ने जमशेदपुर को हराया
डीपीएस की प्राचार्य सरिता सिन्हा के साथ टीम।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज शुक्रवार को रोमांच और शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में धनबाद और खूंटी की टीमों ने जीत दर्ज कर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

यह भी पढ़ें: झारखंड : “हाईकोर्ट को गुमराह कर रहे अफसर”, विधायक सरयू राय का धनबाद प्रशासन-पुलिस पर बड़ा हमला

धनबाद की 62 रनों से एकतरफा जीत

दिन के पहले मुकाबले में गिरिडीह ने टॉस जीतकर धनबाद को बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन यह फैसला उस पर भारी पड़ गया। धनबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 159 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रिया कुमारी यादव ने 31 रनों की अहम पारी खेली, जबकि श्वेता कुमारी (16), मेहर नाज (14) और सुषमा कुमारी (12) ने भी उपयोगी योगदान दिया। गिरिडीह की पूजा कुमारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 3 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गिरिडीह की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 97 रन ही बना सकी। सुभाषा गोराई (19) और आशी सिमर (14) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। धनबाद की ओर से रिया कुमारी यादव ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 7 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

खूंटी ने रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर को हराया

दिन का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां खूंटी ने जमशेदपुर को 4 रनों से हराकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खूंटी ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 151 रन बनाए। खूंटी की ओर से कशिश ने शानदार 44 रन बनाए, जबकि दिव्या कुमारी ने 37 और अनुषा गुप्ता ने 11 रनों का योगदान दिया। जमशेदपुर की सृष्टि कुमारी ने 2 विकेट हासिल किए।

जवाब में जमशेदपुर की टीम ने जोरदार संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य से महज 4 रन दूर रह गई और 2 विकेट पर 147 रन ही बना सकी। जास्मीन झा ने नाबाद 58 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि ऋतिका कुमारी ने 35 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।खूंटी की ओर से कशिश और अनुष्का ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कशिश को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

खिलाड़ियों का किया गया उत्साहवर्धन

मैच से पूर्व दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा और उप-प्राचार्य कल्याणी प्रसाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कृषाणु चक्रवर्ती, मैच रेफरी पप्पू कुमार सिंह, अंपायर वकील अहमद और स्कोरर दीपक कुमार भी उपस्थित रहे।