धनबाद:वासेपुर में खूनी साजिश! प्रिंस खान गैंग के निशाने पर था फहीम खान का बेटा इकबाल
धनबाद के वासेपुर गैंगवार में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रिंस खान के भाई गाडविन ने चाईबासा जेल से फहीम खान के बेटे इकबाल खान की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस रिमांड में शूटर इजहार और रकित ने कई सनसनीखेज राज खोले हैं।
- चाईबासा जेल से रची गई हत्या की पटकथा,गाडविन ने जेल से दिया ‘किल ऑर्डर’
- इकबाल खान की हत्या के लिए भेजे गए थे शूटर,KGN कॉम्प्लेक्स के पास थी खूनी तैयारी
- शक होने पर चालक बबली को मारी गोली
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयला राजधानी धनबाद के के वासेपुर में एक बार फिर गैंगवार की आग भड़क उठी है। वासेपुर के चर्चित गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान की हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बैंकमोड़ थाना पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार शूटर इजहार और रकित ने कई बड़े राज खोले हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद हीट वेव पर प्रशासन का बड़ा राहत : ट्रैफिक सिग्नलों पर लगे शेड, समाहरणालय में शीतल पेयजल की व्यवस्था
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का भाई गाडविन है, जिसने चाईबासा जेल के भीतर बैठकर इकबाल खान की हत्या की योजना बनाई थी।
जेल में बनी ‘किल प्लानिंग’
पुलिस रिमांड में दोनों शूटरों ने बताया कि उनकी पहचान चाईबासा जेल में गाडविन से हुई थी। वहीं पर इकबाल खान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। जेल से बाहर आने के बाद दोनों को धनबाद भेजा गया, जहां प्रिंस खान के भाई बंटी खान के इशारे पर स्थानीय स्तर पर रहने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई। सूत्र बताते हैं कि दोनों शूटर कई दिनों तक वासेपुर इलाके में रहकर इकबाल खान की गतिविधियों की रेकी करते रहे।
KGN कॉम्प्लेक्स के पास बिगड़ा प्लान
घटना वाले दिन इजहार और रकित वासेपुर स्थित KGN कॉम्प्लेक्स-2 के पास मौजूद थे। इसी दौरान इकबाल खान के चालक हैदर अली उर्फ बबली को दोनों पर शक हो गया। बबली ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से दोनों शूटरों ने बबली पर गोली चला दी। गोली लगते ही बबली जमीन पर गिर पड़ा और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को मिले कई नए इनपुट
रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस को कई नए चेहरों और स्थानीय सहयोगियों के नाम भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि धनबाद पहुंचने के बाद शूटरों को किसने पनाह दी, किसने हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराया — इसकी भी जानकारी पुलिस जुटा रही है।पूछताछ में प्रिंस खान के भाई गोपी खान की भूमिका का भी जिक्र सामने आया है। पुलिस अब इन सभी इनपुट के आधार पर छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान चला रही है।
रिमांड खत्म होने से पहले भेजे गए जेल
बैंकमोड़ थाना पुलिस ने दोनों शूटरों को विशेष उद्देश्य से रिमांड पर लिया था। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने के बाद पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने से पहले ही रविवार को दोनों को दोबारा न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। हालांकि पुलिस अब भी इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वासेपुर गैंगवार से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।






