आर्ट ऑफ लिविंग धनबाद ने मनाया श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव, सेवा कार्यों से जीता लोगों का दिल

आर्ट ऑफ लिविंग धनबाद परिवार ने गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के 70वें जन्मोत्सव पर छाछ वितरण, वृद्धाश्रम सेवा, गुरु पूजा और भव्य सत्संग का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आर्ट ऑफ लिविंग धनबाद ने मनाया श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव, सेवा कार्यों से जीता लोगों का दिल
धनबाद में खास अंदाज में मना जन्मोत्सव।
  • 5000 लोगों को छाछ सेवा से लेकर भव्य सत्संग तक दिखी सेवा और भक्ति की अनूठी मिसाल
  • गुरु पूजा, भजन और सेवा का संगम, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

धनबाद (Threesocieties.com Desk): आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद परिवार द्वारा गुरुदेव परम पूज्य श्री श्री रविशंकर जी के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार को धनबाद शहर में सेवा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूरे दिन चले इस आयोजन में सामाजिक सेवा, गुरु पूजा, सत्संग, भजन एवं ध्यान कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा और प्रेम प्रकट किया।

यह भी पढ़ें: झारखंड में दारोगा से इंस्पेक्टर प्रमोशन पर HC की ब्रेक, वरीयता सूची पर उठा बड़ा सवाल

वृद्धाश्रम में केक कटिंग और भव्य सत्संग

सुबह की शुरुआत सेवा कार्यों के साथ हुई। धनबाद के प्रमुख स्थल रणधीर वर्मा चौक और कोर्ट मोड़ पर लगभग 5000 लोगों के बीच छाछ वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच यह सेवा लोगों के लिए राहत का माध्यम बनी। इस सेवा कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों और साधकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सेवा का सुंदर उदाहरण बताया।

इसके बाद आर्ट ऑफ लिविंग धनबाद परिवार द्वारा गोविंदपुर स्थित निर्मला कुष्ठ सेवा केंद्र तथा सुगियाडीह के लालमणि वृद्धाश्रम में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, मिठाई और स्नैक्स का वितरण किया गया। साथ ही गुरुदेव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशियां साझा की गईं। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ बिताए गए भावुक पलों ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

सायंकाल बैंक मोड़ स्थित राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में भव्य सत्संग, गुरु पूजा, ध्यान एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साधक, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला।

सत्संग के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक राजेश टंडन ने कर्णप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति संगीत और ध्यान के बीच श्रद्धालु गुरु कृपा के भाव में डूबे नजर आए। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सदस्यों ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का जीवन मानवता, शांति, प्रेम और सेवा का संदेश देता है। उनके मार्गदर्शन में दुनिया भर में करोड़ों लोग योग, ध्यान और सेवा के माध्यम से सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। धनबाद में आयोजित यह कार्यक्रम भी उसी प्रेरणा का प्रतीक रहा, जहां सेवा और आध्यात्मिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।