IIT-ISM धनबाद के 50 टीमों ने मारी बाजी, Smart India Hackathon के नेशनल राउंड में चयन

IIT-ISM धनबाद में Smart India Hackathon 2026 का 12 घंटे का इंटरनल हैकाथॉन हुआ। 119 टीमों के 714 छात्रों में से 50 टीमों का नेशनल राउंड के लिए चयन हुआ।

IIT-ISM धनबाद के 50 टीमों ने मारी बाजी, Smart India Hackathon के नेशनल राउंड में चयन
IIT-ISM में 12 घंटे का Hackathon, 50 टीमों ने बनाई नेशनल राउंड में जगह।

Advertisement

HighLights:

  • IIT-ISM धनबाद में Smart India Hackathon 2026 का 12 घंटे का इंटरनल हैकाथॉन 
  • 119 टीमों के 714 छात्रों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया
  • छात्रों ने 85 रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम स्टेटमेंट पर तकनीकी समाधान तैयार किए
  • 50 टीमों का चयन Smart India Hackathon 2026 के नेशनल राउंड के लिए हुआ

धनबाद (Threesocieties.com Desk): आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) 2026 को लेकर 12 घंटे का इंटरनल हैकाथॉन आयोजित किया गया। संस्थान के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) और नरेश वशिष्ठ सेंटर फॉर टिंकरिंग एंड इनोवेशन (NVCTI) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने वास्तविक दुनिया की समस्याओं के तकनीकी समाधान तैयार किए।

इंटरनल हैकाथॉन में 119 टीमों के कुल 714 छात्रों ने हिस्सा लिया। लंबे समय तक चले इस आयोजन के बाद मूल्यांकन के आधार पर 50 टीमों का चयन स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के नेशनल राउंड के लिए किया गया।

85 रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम पर छात्रों ने किया काम

हैकाथॉन में शामिल छात्रों ने एसआईएच 2026 पोर्टल पर उपलब्ध 85 रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम स्टेटमेंट पर काम किया। ये समस्याएं विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी संस्थानों, राज्य सरकारों और इंडस्ट्री पार्टनर्स की ओर से दी गई थीं। इनमें मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज, मिनिस्ट्री ऑफ कोल, इसरो, डीआरडीओ और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) समेत कई संस्थानों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। छात्रों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, माइनिंग सेफ्टी, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर, गवर्नेंस, अर्थ साइंसेज और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में अपने आइडिया और प्रोटोटाइप तैयार किए।

रातभर छात्रों ने तैयार किए प्रोटोटाइप

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक टीम में छह छात्र शामिल थे और हर टीम में कम से कम एक महिला छात्र का होना अनिवार्य था। इंटरनल हैकाथॉन के दौरान छात्रों ने एनएलएचसी लैब-1, लैब-2, लैब-3 और सेंट्रल लाइब्रेरी की चौथी मंजिल पर रातभर काम किया। टीमों ने अपने चुने गए प्रॉब्लम स्टेटमेंट के आधार पर तकनीकी समाधान विकसित किए और उनके प्रोटोटाइप तैयार किए।

24 सदस्यीय ज्यूरी ने किया मूल्यांकन

हैकाथॉन के अंतिम चरण में टीमों ने 24 सदस्यीय ज्यूरी के सामने अपने समाधान और प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए। टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया गया। ज्यूरी ने मुख्य रूप से प्रॉब्लम की समझ, समाधान में इनोवेशन, टेक्निकल फीजिबिलिटी, संभावित इम्पैक्ट और प्रेजेंटेशन को आधार बनाया। मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 50 टीमों को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के नेशनल राउंड के लिए चुना गया।

प्रो. आलोक कुमार दास ने क्या कहा?

डीन (इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. आलोक कुमार दास ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन छात्रों को देश से जुड़ी वास्तविक समस्याओं पर काम करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि रातभर छात्रों की ऊर्जा और उनके आइडिया ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में विकसित हो रही इनोवेशन कल्चर की ताकत को प्रदर्शित किया है।

700 से ज्यादा छात्रों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम की कन्वेनर प्रो. मधुलिका गुप्ता ने कहा कि अलग-अलग ब्रांच और बैच के 700 से अधिक छात्रों को रातभर एक साथ मिलकर काम करते देखना प्रेरणादायक रहा। उन्होंने नेशनल राउंड के लिए चयनित सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

निदेशक के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के इंटरनल राउंड का आयोजन आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और डिप्टी डायरेक्टर प्रो. सारत कुमार दास के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम के समन्वय में प्रो. मधुलिका गुप्ता, प्रो. हसवंत वुंडाविल्ली, प्रो. ओमकार मयपती, प्रो. अरुण दयाल उदय और एनवीसीटीआई टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।