झारखंड: गिरिडीह साइबर थाने का SI 30 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ दबोचा

गिरिडीह साइबर थाना के SI पुनीत कुमार गौतम को धनबाद ACB ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। केस डायरी कोर्ट में जमा करने के बदले 2 लाख रुपये मांगने का आरोप है।

झारखंड: गिरिडीह साइबर थाने का SI 30 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ दबोचा
केस डायरी के लिए मांगे 2 लाख; 30 हजार लेते पकड़ाया।

Advertisement

   HighLights:

  • धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के आदर्श नगरी का रहने वाला है आरोपी SI पुनीत कुमार गौतम
  • केस डायरी कोर्ट में जमा करने के एवज में 2 लाख रुपये मांगने का आरोप।
  • सत्यापन में 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने की हुई थी पुष्टि
  • बरवाडीह पुराने पुलिस लाइन गेट के पास ACB ने की कार्रवाई

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ACB की टीम ने यह कार्रवाई बरवाडीह स्थित पुराने पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास अरमान अली की दुकान के समीप स्थित सीएससी सेंटर के सामने की।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी एसआई को अपने साथ धनबाद ले गई। यहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस विभाग के एक अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

केस डायरी कोर्ट में जमा करने के लिए मांगी थी रिश्वत

धनबाद ACB के अनुसार, इस मामले की शिकायत एक परिवादी ने ACB एसपी से की थी। शिकायत में बताया गया कि गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/26 में परिवादी के 23 वर्षीय बेटे संतोष मंडल को आरोपी बनाया गया है और वह फिलहाल जेल में बंद है।शिकायतकर्ता का आरोप था कि उक्त मामले के अनुसंधानकर्ता SI पुनीत कुमार गौतम द्वारा कोर्ट में केस डायरी जमा करने के एवज में दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप के मुताबिक, रिश्वत की रकम नहीं देने पर केस डायरी कोर्ट में नहीं भेजने और उसके बेटे को जेल में ही रखने की धमकी दी जा रही थी। इसके बाद परिवादी ने पूरे मामले की शिकायत धनबाद ACB से की।

शिकायत का सत्यापन कराया गया

शिकायत मिलने के बाद धनबाद ACB की टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान SI पुनीत कुमार गौतम द्वारा परिवादी से 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद धनबाद ACB थाना कांड संख्या 07/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए ACB ने विशेष धावादल का गठन किया और पूरी कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

30 हजार रुपये लेते ही ACB ने दबोचा

ACB की योजना के अनुसार बुधवार को परिवादी आरोपी SI के पास तय रकम लेकर पहुंचा। जैसे ही पुनीत कुमार गौतम ने 30 हजार रुपये रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर तैनात ACB की टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया। ACB की आधिकारिक कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाह भी मौजूद थे। आरोपी SI को बरवाडीह स्थित पुराने पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास अरमान अली की दुकान के समीप सीएससी सेंटर के सामने से गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी को लेकर धनबाद रवाना हो गई, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कतरास का रहने वाला है आरोपी SI

गिरफ्तार SI पुनीत कुमार गौतम धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगरी के निवासी बताए गए हैं। उनके पिता का नाम कामता प्रसाद सिंह है। पुनीत कुमार गौतम वर्तमान में गिरिडीह साइबर थाना में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित थे। केस डायरी कोर्ट में जमा करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

गिरिडीह साइबर थाना जैसे महत्वपूर्ण थाने में पदस्थापित SI के रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार होने की घटना ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। ACB की कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल आरोपी SI को धनबाद ले जाकर मामले में अग्रेतर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ACB की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।