प्रिंस खान वायरल वीडियो: “पुलिस टॉर्चर ने बनाया गैंगस्टर”, पुलिस इंस्पेक्टर रणधीर कुमार पर लगाए सनसनीखेज आरोप
धनबाद के वासेपुर का भगोड़ा प्रिंस खान एक बार फिर वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है। वीडियो में उसने SSP और बैंक मोड़ के पूर्व थानेदार रणधीर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिंस का दावा है कि पुलिस प्रताड़ना और लगातार दबाव के कारण उसने दोबारा अपराध का रास्ता चुना। हालांकि पुलिस ने वीडियो और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
- “प्रिंस खान वीडियो से मचा सियासी भूचाल!”
- बाबूलाल ने CM को लिखा पत्र, NIA जांच की मांग
धनबाद (Threesocieties.com Desk): वासेपुर का भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान एक बार फिर इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में है। लगातार पुलिस दबिश के बीच सामने आए इस नए वीडियो में प्रिंस खान ने धनबाद के एसएसपी और बैंकमोड़ थाना के पूर्व थाना प्रभारी रणधीर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें: 750 करोड़ शराब घोटाला: ACB की सुस्ती से सभी आरोपी बेल पर बाहर,एक साल, 17 गिरफ्तारी… लेकिन चार्जशीट नहीं
वीडियो में प्रिंस खान दावा कर रहा है कि वह एक समय अपराध की दुनिया छोड़ चुका था और डेयरी फार्म तथा बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन के कारोबार में जुट गया था। उसने कहा कि वासेपुर के कारोबारी लाला खान के साथ मिलकर वह निर्माण कार्य में निवेश कर रहा था। लेकिन लाला खान की हत्या के बाद उसका नाम विवादों में घसीटा गया और पुलिस ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
प्रिंस ने आरोप लगाया कि उसके विरोधियों के इशारे पर तत्कालीन बैंकमोड़ थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने उसे लगातार परेशान किया। उसने दावा किया कि पुलिस उसके डेयरी फार्म तक पहुंच गई थी, वहां तोड़फोड़ की गई और फार्म में हथियार छिपाने के आरोप लगाकर दबाव बनाया गया। वीडियो में प्रिंस यह भी कहता नजर आ रहा है कि उसने उस समय पुलिस के वरीय अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन उसकी बात पर किसी ने भरोसा नहीं किया। लगातार दबाव, पूछताछ और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने फिर से अपराध की दुनिया में लौटने का फैसला किया।
“पुलिस टॉर्चर ने फिर अपराधी बना दिया”, पासपोर्ट के लिए रणधीर कुमार को दिये 10 लाख
प्रिंस खान ने वीडियो में कहा कि अगर उसे लगातार प्रताड़ित नहीं किया जाता तो वह दोबारा अपराध के रास्ते पर नहीं लौटता। उसने दावा किया कि रणधीर कुमार के कार्यकाल के दौरान ही उसने विदेश भागने के लिए पासपोर्ट बनवाया था। इतना ही नहीं, उसने पासपोर्ट बनवाने में मदद के नाम पर मोटी रकम वसूले जाने का भी आरोप लगाया। प्रिंस ने आरोप लगाया है कि मैनेज कर वह रमधीर कुमार को पासपोर्ट के लि्ए आवेदन भेजने के बदले 10 लाख रुपये दिये थे।
धनबाद पुलिस को दी खुली चुनौती
वीडियो में प्रिंस खान ने धनबाद पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस चाहकर भी उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती। इस दौरान उसने कई विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है।
पुलिस ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। धनबाद पुलिस की ओर से भी इस मामले में कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल जरूर बढ़ गई है।
पहले भी वायरल हो चुके हैं वीडियो
यह पहला मौका नहीं है जब प्रिंस खान का कोई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हो। इससे पहले भी कई वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें वह पुलिस, विरोधियों और अपराध जगत को लेकर बयान देता रहा है। वासेपुर गैंगवार और रंगदारी मामलों में उसका नाम लगातार चर्चा में रहा है।
(इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामला जांच और आधिकारिक पुष्टि के अधीन है।)
“प्रिंस खान वीडियो से मचा सियासी भूचाल!” बाबूलाल ने CM को लिखा पत्र, NIA जांच की मांग
धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के वायरल वीडियो को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है। मरांडी ने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोप केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे पूरे प्रशासनिक तंत्र की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में धनबाद पुलिस, कोयला तंत्र और कथित वसूली नेटवर्क से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
“अब अपराधी पुलिस का पर्दाफाश कर रहे”
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सामान्य तौर पर पुलिस अपराधियों का खुलासा करती है, लेकिन झारखंड में अब स्थिति उलटती दिखाई दे रही है। यहां गैंगस्टर खुद पुलिस अधिकारियों के कथित काले कारनामों का खुलासा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद के वर्तमान SSP को लेकर सामने आए आरोपों ने जनता के बीच पुलिस व्यवस्था की साख को कमजोर किया है। जिस प्रकार एक गैंगस्टर खुलेआम वीडियो जारी कर पुलिस अधिकारियों को चुनौती दे रहा है, वह राज्य की कानून व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है।
“धनबाद में दो समानांतर गिरोह सक्रिय”
मरांडी ने अपने बयान में धनबाद की स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि वहां ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे कानून का शासन नहीं, बल्कि दो समानांतर गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही हो। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ गैंगस्टर प्रिंस खान का नेटवर्क सक्रिय है तो दूसरी ओर वर्दीधारी तंत्र पर भी कथित वसूली के आरोप लग रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि एक बिना वर्दी के कथित वसूली कर रहा है और दूसरा वर्दी पहनकर।
व्यापारियों और उद्योग जगत में बढ़ा डर
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वायरल वीडियो के बाद व्यापारियों और उद्योग जगत के बीच भय और दबाव का माहौल बनता जा रहा है। कथित वसूली और धमकी के आरोपों ने कारोबारी समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर भरोसा और कमजोर होगा।
NIA जांच की मांग से बढ़ा राजनीतिक दबाव
बाबूलाल मरांडी द्वारा NIA जांच की मांग किए जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष अब इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला विधानसभा से लेकर सड़क तक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। वहीं, अब सभी की नजर राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है कि वे इस पूरे विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।






