एक दुल्हन, दो दूल्हे! थाईलैंड में 37 साल की महिला ने एक ही मंडप में रचाई दो युवकों से शादी

थाईलैंड में 37 साल की महिला ने एक ही मंडप में दो युवकों से शादी कर ली। परिवार की मंजूरी से हुई इस अनोखी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

एक दुल्हन, दो दूल्हे! थाईलैंड में 37 साल की महिला ने एक ही मंडप में रचाई दो युवकों से शादी
एक दुल्हन के साथ दो दुल्हे।
  • पांच साल से साथ रह रहे थे तीनों,
  • परिवार की मंजूरी के बाद पारंपरिक समारोह में हुई अनोखी शादी

बैंकॉक(Threesocieties.com Desk)। थाईलैंड से एक बेहद अनोखी शादी की खबर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक महिला ने एक ही मंडप में दो युवकों से शादी रचा ली। इस अनोखे विवाह की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार राज्यसभा चुनाव: अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार समेत NDA के 5 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

बताया जा रहा है कि थाईलैंड की 37 वर्षीय महिला डुआंगडुआन केत्सारो ने एक सादे और पारंपरिक समारोह में दो ऑस्ट्रियाई पुरुषों से शादी की। शादी में महिला के परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त मौजूद थे। इस अनोखी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

पहले एक से हुई मुलाकात, फिर दूसरे से हुआ प्यार

जानकारी के अनुसार, डुआंगडुआन की पहली मुलाकात ऑस्ट्रिया के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी रोमन से थाईलैंड के पटाया में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और समय के साथ उनका रिश्ता गहरा होता चला गया। करीब पांच साल तक दोनों साथ रहे। इसी दौरान डुआंगडुआन की मुलाकात मैकी नाम के एक अन्य युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच भी नजदीकियां बढ़ने लगीं और वे एक-दूसरे से प्यार करने लगे। महिला का कहना है कि उसने अपने रिश्तों को कभी किसी से छिपाया नहीं।

शादी से पहले तीनों ने मिलकर लिया फैसला

डुआंगडुआन के मुताबिक, शादी का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया। शादी से पहले तीनों ने अपने भविष्य, रिश्तों और जिम्मेदारियों को लेकर खुलकर बातचीत की। जब उन्हें लगा कि वे साथ रहकर खुश रह सकते हैं, तब उन्होंने शादी करने का निर्णय लिया। महिला ने यह भी बताया कि इस फैसले से पहले उसने अपने माता-पिता और बच्चों से भी सलाह ली थी।

परिवार ने भी दी मंजूरी

डुआंगडुआन की पहले की शादी से तीन बेटियां हैं और वह नानी भी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। महिला के मुताबिक, उनके जीवन में कई आर्थिक और व्यक्तिगत संघर्ष आए। संगीत के क्षेत्र में करियर उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहा, जिसके बाद उन्होंने पटाया में काम करना शुरू किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात रोमन और बाद में मैकी से हुई। समय के साथ दोनों पुरुष सिर्फ उनके जीवन का हिस्सा ही नहीं बने, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियां भी निभाने लगे। यही वजह रही कि अंततः तीनों ने मिलकर शादी का फैसला लिया।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी शादी

इस अनोखी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। कई लोग इसे प्यार और आपसी समझ का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस पर हैरानी जता रहे हैं। हालांकि डुआंगडुआन का कहना है कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि तीनों एक-दूसरे के साथ खुश हैं और परिवार भी इस रिश्ते से संतुष्ट है।