धनबाद: 24 अप्रैल को सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब, एयरपोर्ट के लिए सांसद ढुल्लू महतो के नेतृ्त्व में भाजपा की पदयात्रा
धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर सांसद ढुलू महतो ने 24 अप्रैल को भव्य आंदोलन और पदयात्रा का ऐलान किया। हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद, राज्य सरकार पर जमीन देने का दबाव।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल की राजधानी धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग अब आंदोलन का रूप ले चुकी है। सांसद ढुलू महतो ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर 24 अप्रैल को भव्य आंदोलन और पदयात्रा का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि जनदबाव बनाने वाला होगा, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें:CCL के GM चितरंजन कुमार बने ECL के नये डीटी, 11 सीनियर्स को पछाड़ कर मारी बाजी
सांसद के मुताबिक, पदयात्रा रणधीर स्टेडियम से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक तक जाएगी। इस दौरान राज्य सरकार से एयरपोर्ट निर्माण पर स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा।
जमीन के अभाव में अटका प्रोजेक्ट
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि वे लंबे समय से धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग उठा रहे हैं और केंद्र स्तर पर पहल भी की गई है। लेकिन सबसे बड़ी बाधा जमीन उपलब्ध नहीं होना है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण अब तक प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका है।
‘कोयलांचल को चाहिए उड़ान’—विकास का बड़ा तर्क
सांसद ने कहा कि धनबाद देश की कोयला राजधानी के रूप में जाना जाता है, जहां उद्योग, व्यापार, शिक्षा और रिसर्च से जुड़े लोग लगातार आते-जाते रहते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट बनने से न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
जनआंदोलन का ऐलान, सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी
ढुलू महतो ने साफ कहा कि अगर राज्य सरकार जल्द जमीन उपलब्ध नहीं कराती है, तो यह आंदोलन और भी व्यापक होगा। 24 अप्रैल की पदयात्रा को उन्होंने “निर्णायक लड़ाई की शुरुआत” बताया और लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
क्या है लोगों की मांग?
धनबाद में जल्द एयरपोर्ट निर्माण शुरू हो
राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराए
केंद्र और राज्य मिलकर प्रोजेक्ट को तेजी दें






