धनबाद: केंदुआडीह में रिसाव से हड़कंप, प्रशासन ने लोगों से की अपील- तुरंत खाली करें इलाका
धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव, भू-धंसान और भूमिगत आग से हालात बेहद खतरनाक हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से तुरंत बेलगड़िया शिफ्ट होने की अपील की है।
- हजारों जान पर मंडरा रहा खतरा
- केंदुआडीह बना डेंजर जोन
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : झारखंड के धनबाद के केंदुआडीह इलाके में गैस रिसाव, भू-धंसान और भूमिगत आग के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। गुरुवार को जिला प्रशासन और बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति की गंभीरता का आकलन किया और लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने की अपील की।
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार का बड़ा दिल: 14 माह की मासूम को ₹15 करोड़ का इंजेक्शन, ‘अब बेटी को नई जिंदगी मिलेगी’
अधिकारियों ने किया ग्राउंड निरीक्षण, हालात गंभीर
उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल की टीम ने पहले धनबाद-बोकारो सड़क का निरीक्षण किया, जो आग और भू-धंसान से प्रभावित है। इसके बाद गैस रिसाव स्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया। केंदुआडीह थाना में उच्चस्तरीय बैठक कर विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर चर्चा की गई, जिसमें क्षेत्र को बेहद खतरनाक घोषित किया गया।
“तुरंत बेलगड़िया शिफ्ट हों” – प्रशासन की अपील
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। डेंजर जोन में रह रहे लोगों से तुरंत बेलगड़िया में शिफ्ट होने की अपील की गई है। झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत हर परिवार को दो फ्लैट दिए जा रहे हैं, साथ ही रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पुनर्वास पैकेज में क्या मिल रहा है?
दो-दो फ्लैट प्रति परिवार
कौशल विकास केंद्र और रोजगार के अवसर
बिजली, पानी, सोलर स्ट्रीट लाइट
बस सेवा और ई-रिक्शा सुविधा
स्कूल, हेल्थ सेंटर और बेहतर सड़क
तकनीकी रिपोर्ट: “पूरा इलाका बेहद खतरनाक”
IIT (ISM) Dhanbad, DGMS और CIMFR सहित कई संस्थानों की रिपोर्ट में केंदुआडीह को पूरी तरह डेंजर जोन बताया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार भूमिगत आग के कारण गैस रिसाव जल्द रुकने वाला नहीं है, बल्कि इसका दायरा और बढ़ सकता है।
धनबाद-बोकारो रोड असुरक्षित, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
प्रशासन ने साफ किया कि धनबाद-बोकारो सड़क अब उपयोग के लायक नहीं बची है। एनएचएआई और आरसीडी नई सड़क के विकल्पों पर काम कर रहे हैं। लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
थाना भी होगा शिफ्ट
भू-धंसान के खतरे को देखते हुए केंदुआडीह थाना को भी स्थानांतरित किया जा रहा है। सोमवार तक थाना को केंदुआ स्थित पुराने बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
प्रशासन की चेतावनी: “भविष्य में हालात और भयावह हो सकते हैं”
उपायुक्त ने कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ में लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि यहां रहना जानलेवा हो सकता है।प्रशासन के पास फिलहाल 535 प्रभावित परिवारों की सूची है और बाकी छूटे परिवारों को भी जल्द पुनर्वास योजना में शामिल किया जायेगा।






