बिहार: भरत तिवारी एनकाउंटर का सच खोलेगा मोबाइल? भोजपुर के भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा 30 को

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच में पुलिस मोबाइल डेटा, फॉरेंसिक रिपोर्ट और वीडियो फुटेज का सहारा ले रही है। यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से वीडियो मांगे गए हैं, जबकि परिजन फेक एनकाउंटर और सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हैं।

बिहार: भरत तिवारी एनकाउंटर का सच खोलेगा मोबाइल? भोजपुर के भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा 30 को
भरत तिवारी के फोन में छिपा है सच?

        HighLights

  • भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस ने शुरू की डिजिटल और फॉरेंसिक जांच
  • पुलिस ने यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से घटना के वीडियो उपलब्ध कराने की अपील की
  • भरत तिवारी का मोबाइल फोन जब्त, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
  • बिलौटी गांव में भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज 30 जून को

रांची (Threesocieties.com Desk): चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच अब डिजिटल सबूतों और फॉरेंसिक जांच के सहारे आगे बढ़ रही है। पुलिस इस पूरे मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए भरत तिवारी के मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले कारतूस और हथियारों की गहन जांच करा रही है। इसके साथ ही आम लोगों, यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से भी घटना से जुड़े वीडियो उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें: शादी से पहले मौत का प्लान!₹1 करोड़, बाली ट्रिप और 'सीक्रेट कॉल'... ऐसे बुनी गई केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश

मोबाइल फोन से खुल सकते हैं कई राज

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने भरत तिवारी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया था। फिलहाल इस मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और उसमें मौजूद डेटा को सुरक्षित रखते हुए अदालत में भी प्रस्तुत किया जा रहा है। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन में मौजूद कॉल रिकॉर्ड, चैट, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्य जांच के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।दूसरी ओर, भरत तिवारी के परिजनों का दावा है कि मोबाइल फोन में पुलिस प्रशासन के खिलाफ महत्वपूर्ण सबूत मौजूद हैं। परिवार को आशंका है कि उन सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है, इसलिए वे लगातार फोन वापस करने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने मांगे वीडियो सबूत

जांच एजेंसियां अब डिजिटल साक्ष्यों के दायरे को और व्यापक बनाने में जुटी हैं। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि किसी यूट्यूबर, स्थानीय व्यक्ति या सोशल मीडिया यूजर के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो, फोटो या रिकॉर्डिंग मौजूद है तो उसे जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाए। पुलिस का मानना है कि घटनास्थल या उसके आसपास रिकॉर्ड किए गए वीडियो एनकाउंटर की परिस्थितियों और घटनाक्रम को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

तीन पिस्टलों की हो रही फॉरेंसिक जांच

मामले की जांच केवल मोबाइल फोन तक सीमित नहीं है। जानकारी के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई तीन पिस्टलों को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इनमें तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार और एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की सर्विस पिस्टल के अलावा भरत तिवारी के पास से बरामद हथियार भी शामिल है। इसके साथ ही घटनास्थल से बरामद दो जिंदा कारतूस और खाली खोखों को भी बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर भरत तिवारी को किस हथियार से गोली लगी थी और घटनास्थल पर गोलीबारी का वास्तविक क्रम क्या था।

17 जून को हुआ था एनकाउंटर

बताया जाता है कि 17 जून की सुबह पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान भरत तिवारी का एनकाउंटर हुआ था। घटना के बाद से ही यह मामला विवादों में घिर गया और परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग शुरू कर दी। परिवार की ओर से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, सीबीआई जांच और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग लगातार उठाई जा रही है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं निगाहें

फिलहाल पूरे मामले में सबसे बड़ी उम्मीद फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों से जुड़ी हुई है। मोबाइल फोन का डेटा, वीडियो फुटेज, बैलिस्टिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के निष्कर्ष यह तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे कि एनकाउंटर की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि फॉरेंसिक जांच और डिजिटल सबूत इस हाई-प्रोफाइल मामले में कौन से नए खुलासे करते हैं।

भोजपुर के भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा 30 को; 100 हलवाई तैयार कर रहे भोजन, 15 हजार लोगों के जुटने की संभावना
भोजपुर के बिलौटी गांव में 17 जून को मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज 30 जून को आयोजित होगा। इसमें 15 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए 100 हलवाई भोजन तैयार कर रहे हैं और व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

बिलौटी गांव में 15 हजार से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी की श्रद्धाजंलि सभा सह ब्रह्मभोज की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। स्‍वजन और पारिवारिक मित्रों द्वारा बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी की जा रही है। 30 जून को होने वाले ब्रह्मभोज में करीब 15 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।इसी को देखते हुए इतने ही लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। भोजन तैयार करने के लिए करजा, बिलौटी और ब्रह्मपुर क्षेत्र के लगभग 100 हलवाई तथा करीब 300 सहायक लगातार जुटे हुए हैं।

खाना बनाने के लिए एलपीजी सिलेंडर और कोयले की व्यवस्था की गई है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सुविधा और व्यवस्था संभालने के लिए आसपास के कई गांवों के करीब 500 स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी के टैंकर और बोतलबंद पानी की भी व्यवस्था की जा रही है।श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भरत तिवारी के घर के समीप बड़े क्षेत्रफल में अलग से टेंट लगाया जा रहा है। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए कई स्थानों पर वाटरप्रूफ टेंट भी लगाए जा रहे हैं।