मतदाता सूची पुनरीक्षण में धनबाद प्रशासन की सख्ती, हर घर तक पहुंचेगा एन्यूमरेशन फॉर्म

धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर 100 प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में धनबाद प्रशासन की सख्ती, हर घर तक पहुंचेगा एन्यूमरेशन फॉर्म
डीसी आदित्य रंजन ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम।

     HighLights:

  • एसआईआर-2026 के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण कार्य की समीक्षा
  • जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए
  • बीएलओ और सुपरवाइजरों को तय समयसीमा में 100 प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का आदेश
  • अब प्रतिदिन होगी फॉर्म वितरण कार्य की मॉनिटरिंग
  • निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर जोर

धनबाद (Threesocieties.com Desk): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शुक्रवार को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण कार्य की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें: धनबाद स्टेशन पर टोटो चालकों का शक्ति प्रदर्शन, DRM के सामने गूंजा विरोध; एक हफ्ते में कार्रवाई का आश्वासन

ऑनलाइन आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्रवार एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ क्षेत्रों में फॉर्म वितरण की गति अपेक्षाकृत धीमी है। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को नियमित निगरानी करने और घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचना चाहिए और किसी भी क्षेत्र में वितरण अधूरा नहीं रहना चाहिए।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी घोषणा की कि अब फॉर्म वितरण कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। इससे अभियान की गति पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी और जहां आवश्यकता होगी वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

गौरतलब है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। प्रशासन का मानना है कि समय पर और व्यापक स्तर पर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण इस अभियान की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।