बिहार : BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की रेड, 96 लाख की अवैध संपत्ति का केस दर्ज

बिहार में SVU की बड़ी कार्रवाई। BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के पटना स्थित ठिकानों पर छापेमारी, आय से अधिक करीब 96 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज।

बिहार : BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की रेड, 96 लाख की अवैध संपत्ति का केस दर्ज
आवास और कार्यालय समेत कई ठिकानों पर रेड।

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। गुरुवार को पटना स्थित उनके आवास और कार्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

यह भी पढ़ें:RSS में 100 साल बाद बड़ा संगठनात्मक बदलाव! खत्म हो सकते हैं ‘प्रांत प्रचारक’ के पद

जांच एजेंसी के अनुसार पंकज कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपनी सेवा अवधि के दौरान अपने ज्ञात आय स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। शुरुआती जांच में करीब 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की अवैध संपत्ति का मामला सामने आया है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस

विशेष निगरानी इकाई ने पंकज कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया है। एजेंसी का कहना है कि आरोपी अधिकारी ने बिहार सरकार में लोक सेवक के रूप में करीब 11 वर्षों की सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए आय से अधिक संपत्ति बनाई।

पटना में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

सूत्रों के अनुसार, विशेष न्यायाधीश (निगरानी) पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर SVU की टीम ने गुरुवार को पटना के कदमकुआं इलाके स्थित कणिका मैहर अपार्टमेंट सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान टीम बैंक खातों, जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, निवेश के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच कर रही है।

जांच में जुटी टीम, अभी खुलासे बाकी

SVU की टीम फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान के दौरान मिलने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। हालांकि अभी तक छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

बिहार में भ्रष्टाचार पर सख्ती

हाल के महीनों में बिहार में आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों में निगरानी एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर अवैध संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।