बिहार: इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने गई नाबालिग की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं; एक आरोपी गिरफ्तार
बिहार के सारण जिले में नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई, जबकि लड़की इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने गई थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
सारण (Threesocieties.com Desk): बिहार के सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में कुएं से मिली एक नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। मृतका की मां ने जहां पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था, वहीं पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में 2 चरण, असम-केरल-तमिलनाडु-पुडुचेरी में एक फेज; चार मई को रिजल्ट
पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की का गांव के ही एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था और दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी और लड़की उससे मिलने के लिए गांव के एक पुराने जर्जर घर के पास पहुंची थी।
कुएं के पास मिला था छात्रा का शव
पुलिस के मुताबिक 11 मार्च 2026 की शाम करीब 4:45 बजे डेरनी थाना को सूचना मिली कि गांव में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। जांच में पता चला कि पुराने जर्जर घर से करीब पांच मीटर उत्तर दिशा में एक कुआं स्थित है, जिसके किनारे लड़की का शव पड़ा हुआ था।ग्रामीणों ने बताया कि घटना दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास हुई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने कुएं से शव निकालकर बाहर रख दिया था। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया
पुलिस को 14 मार्च को पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट के अनुसार—
मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले
मौत का कारण पानी में डूबने से दम घुटना (डूबना) बताया गया
चिकित्सकीय जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई
प्राइवेट पार्ट में जीवित या मृत स्पर्म नहीं मिले
हालांकि मामले की सच्चाई जानने के लिए मृतका के बाल, रक्त, नाखून और कपड़ों के नमूने सुरक्षित कर मुजफ्फरपुर स्थित फोरेंसिक लैब भेजे जा रहे हैं।
मां ने लगाया था सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप
घटना के लगभग 24 घंटे बाद मृतका की मां ने पुलिस को आवेदन देकर पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया। मां के आवेदन के आधार पर 12 मार्च को डेरनी थाना में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले में नामजद आरोपियों में शामिल हैं:
सचिन कुमार मांझी
युवराज मांझी
चंदन मांझी
अजय मांझी
विकास मांझी
इनमें से युवराज मांझी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गवाहों से पूछताछ में सामने आए नए तथ्य
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई। एक गवाह ने बताया कि मृतका की मां ने फोन कर पूछा था कि क्या उनकी बेटी वहां आई है।जब वह देखने गया तो लड़की वहां मौजूद थी। कुछ ही देर बाद मृतका की मां और उसकी बहन भी वहां पहुंच गईं। उस समय जर्जर घर में एक युवक और उसकी बहन मौजूद थे। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी के दौरान पकड़ा गया युवक मौके से भाग गया। इसी बीच लड़की कुएं में कैसे गिरी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह घटनास्थल पर मौजूद था। उसने बताया कि मृतका उसी गांव की रहने वाली थी और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत होती थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और घटना वाले दिन भी दोपहर में उनके बीच बातचीत हुई थी।
पुलिस ने क्या कहा
सोनपुर के एसडीपीओ प्रतीश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं — हत्या, दुर्घटना या आत्महत्या — को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गांव में तनाव, पुलिस की निगरानी
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।






