पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में नया ट्विस्ट: CBI ने बताया असली शूटर, राज सिंह बोला- ‘सबका जवाब दूंगा’

पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा मोड़ आया है। CBI ने बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुख्य शूटर बताया है, जबकि पहले आरोपी माने जा रहे राज सिंह ने वीडियो जारी कर बड़ा दावा किया। मामले में राजनीतिक कनेक्शन, वायरल वीडियो और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच तेज हो गई है।

पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में नया ट्विस्ट: CBI ने बताया असली शूटर, राज सिंह बोला- ‘सबका जवाब दूंगा’
चंद्रनाथ रथ व राज सिंह (फाइल फोटो)।

कोलकाता (Threesocieties.com Desk) : पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) रहे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में अब बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने बलिया के रसड़ा निवासी राजकुमार सिंह को इस हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया है। वहीं, पहले से आरोपी माने जा रहे आनंद नगर निवासी राज सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरे मामले को और ज्यादा रहस्यमय बना दिया है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल: बुलडोजर एक्शन पर TMC का फ्लॉप शक्ति प्रदर्शन, आधे घंटे में खत्म हुआ धरना, 46 विधायक रहे गायब

वीडियो में राज सिंह बेहद आत्मविश्वास के साथ कहता नजर आ रहा है— “जय श्रीराम… सबका जवाब मिल जाएगा… थोड़ा धैर्य रखिए… मीडिया को भी जवाब देने आ रहे हैं…” राज सिंह की इस बयानबाजी के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है। वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि वह खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार

CBI की जांच में नया मोड़

अब तक CBI की जांच का फोकस राज सिंह पर था, लेकिन हालिया जांच में एजेंसी को ऐसे सुराग मिले हैं, जिनके बाद राजकुमार सिंह को मुख्य शूटर माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल वाहन और नेटवर्क का लिंक बलिया से जुड़ा मिला है। CBI की टीम पिछले कई दिनों से बलिया में डेरा डाले हुए थी। अधिकारियों ने शहर कोतवाली में पूछताछ के अलावा कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश भी दी। जांच के दौरान राजकुमार सिंह की लोकेशन मुजफ्फरनगर में मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें: Suvendu Adhikari के पीए की हत्या के तार धनबाद से जुड़े, फर्जी नंबर प्लेट का हुआ खुलासा

परिवार ने सौंपा फुटेज, कहा- घटना के दिन बलिया में था राज

राज सिंह के परिवार ने CBI के सामने दावा किया है कि घटना वाले दिन वह बलिया में ही मौजूद था। उसकी मां जामवंती, भाई ऋषवंत और बहन दीपशिखा ने बताया कि राज ने उसी दिन कपड़ों की खरीदारी की थी। परिवार ने कथित तौर पर दुकान के CCTV फुटेज भी जांच एजेंसी को सौंपे हैं। अब CBI इस फुटेज की सत्यता और टाइमलाइन की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के सबसे खास चंद्रनाथ रथ की गोलियों से भूनकर हत्या, बीजेपी ने लगाया साजिश का आरोप

पुराना आपराधिक इतिहास भी जांच के घेरे में

राज सिंह का नाम इससे पहले भी हत्या के एक मामले में सामने आ चुका है। वर्ष 2020 में आनंद नगर के एक दिव्यांग अंडा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में वह जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला किसी संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि शूटरों, हैंडलरों और राजनीतिक संपर्कों के बीच क्या संबंध थे।

राजनीतिक कनेक्शन पर भी उठे सवाल

गिरफ्तारी के बाद राज सिंह की राजनीतिक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई तस्वीरों में वह उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह और अन्य नेताओं के साथ दिखाई दे रहा है। राज सिंह पहले सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है और इलाके में राजनीतिक पकड़ बनाने की कोशिश कर रहा था। इंटरनेट मीडिया पर वायरल पोस्टरों में उसे एक क्षत्रिय संगठन का प्रदेश महासचिव भी बताया गया है।

क्या राज सिंह और राजकुमार के बीच था कनेक्शन?

CBI अब इस एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है कि राज सिंह और राजकुमार सिंह के बीच पहले से कोई राजनीतिक या व्यक्तिगत संपर्क था या नहीं। दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल, चैट, लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि दोनों का स्थानीय स्तर पर दबंग छवि और विवादों से पुराना संबंध रहा है।

राजकुमार सिंह पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

राजकुमार सिंह और उसके पिता त्रिभुवन सिंह पर पहले से दो मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इनमें चुनावी रंजिश और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में दोनों परिवारों का दबदबा रहा है और कई बार विवादों में नाम सामने आता रहा है।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ फोटो वायरल

मामले में एक और दिलचस्प पहलू तब जुड़ा जब सोशल मीडिया पर राजकुमार सिंह की भोजपुरी अभिनेता और गायक Pawan Singh के साथ तस्वीर वायरल होने लगी। हालांकि, जांच एजेंसियां फिलहाल इसे सिर्फ सोशल मीडिया कनेक्शन मानकर चल रही हैं।

CBI के रडार पर अंतरराज्यीय नेटवर्क

जांच एजेंसियों को शक है कि यह हत्या किसी बड़े नेटवर्क के जरिए कराई गई हो सकती है। बंगाल, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र तक फैले संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कहां रची गई, फंडिंग किसने की और शूटरों तक निर्देश कैसे पहुंचे।

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड ने पश्चिम बंगाल से लेकर उत्तर प्रदेश तक राजनीतिक और आपराधिक गलियारों में हलचल मचा दी है। राज सिंह के वायरल वीडियो और CBI के नए खुलासे के बाद आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।