धनबाद में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई: पटना से आ रही बस से 1400 KG नकली पनीर और 90 KG नकली घी जब्त
धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। पटना से आ रही बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी जब्त। शादी-त्योहार में सप्लाई की थी तैयारी, ड्राइवर-खलासी पुलिस के हवाले।
- स्टेशन रोड पर फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी
- शादी-त्योहार में खपाने की थी तैयारी
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली पनीर और घी की खेप बरामद की है। स्टेशन रोड इलाके में की गई इस छापेमारी में करीब 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें: BCCL में भ्रष्टाचार पर कोल इंडिया का बड़ा एक्शन! दागी अफसरों की लिस्ट तलब, संवेदनशील पदों से हटाने की तैयारी

बताया जा रहा है कि यह मिलावटी सामान बिहार के पटना से बस के जरिए धनबाद लाया जा रहा था, जिसे शादी और त्योहार के सीजन में शहर के होटल, ढाबों और दुकानों में खपाने की योजना थी।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने गुरुवार तड़के स्टेशन रोड बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान बिहार से आ रही बसकी तलाशी ली गई। बस की डिक्की और सामान की जांच में भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद हुआ।
मौके पर जांच में नकली होने की आशंका
अधिकारियों के अनुसार बरामद पनीर और घी की गुणवत्ता संदिग्ध होने के कारण मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका सामने आई। इसके बाद पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।फूड सेफ्टी विभाग ने पनीर और घी के नमूनों को लैब जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल-रेस्टोरेंट में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नकली पनीर और घी को धनबाद के होटल, ढाबों, मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट में सप्लाई करने की योजना थी। यदि यह बाजार में पहुंच जाता तो बड़ी संख्या में लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि त्योहार और शादी के मौसम को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उपायुक्त के निर्देश पर चला अभियान
यह पूरी कार्रवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। छापेमारी के दौरान बस के ड्राइवर और खलासी को हिरासत में लेकर धनबाद थाना को सौंप दिया गया, जबकि बस को भी जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा बिहार से आने वाली अन्य बसों की भी सघन जांच की जा रही है।
पहली बार इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार धनबाद में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में नकली पनीर की खेप पकड़ी गई है। विभाग ने साफ कहा है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






