धनबाद: विधायक राज सिन्हा का धरना खत्म, 2 मई को खुलेगी किस्मत? धनबाद-बोकारो रोड पर होगी बड़ी बैठक

धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव और भू-धंसान के कारण बंद धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को खोलने की मांग पर विधायक राज सिन्हा का अनिश्चितकालीन धरना प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। 2 मई को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की संयुक्त बैठक में समाधान पर फैसला होगा।

धनबाद: विधायक राज सिन्हा का धरना खत्म, 2 मई को खुलेगी किस्मत? धनबाद-बोकारो रोड पर होगी बड़ी बैठक
विधायक राज सिन्हा ने खत्म किया धरना।
  • आश्वासन के बाद विधायक राज सिन्हा का धरना समाप्त
  • धनबाद-बोकारो रोड खोलने पर 2 मई को वार्ता

धनबाद (Threesocieties.com Desk): केंदुआडीह में गैस रिसाव और भू-धंसान के कारण बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को फिर से चालू कराने की मांग को लेकर चल रहा भाजपा विधायक राज सिन्हा का अनिश्चितकालीन धरना आखिरकार प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा यह आंदोलन लगातार तीसरे दिन शनिवार को खत्म हुआ।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग का दनुआ घाटी फिर बनी ‘मौत की घाटी’: ट्रेलर-ट्रक के बीच पिसी कार, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

धनबाद विधायक राज सिन्हा पिछले तीन दिनों से धरनास्थल पर डटे हुए थे। उनका कहना था कि जब तक धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को चालू नहीं किया जाएगा और गैस रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें, चैंबर ऑफ कॉमर्स का मिला समर्थन

शनिवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के समर्थन में केंदुआ-करकेंद क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। इससे पूरे इलाके में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। व्यापारियों ने सड़क बंदी के कारण हो रहे भारी आर्थिक नुकसान पर चिंता जताई। विशेष रूप से करकेंद स्थित मुख्य कपड़ा मंडी पर इसका बड़ा असर पड़ा है। सड़क बंद होने से थोक व्यापार लगभग ठप हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आर्थिक संकट और गहरा सकता है।

प्रशासन ने सौंपा लिखित आश्वासन पत्र

देर शाम उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर पुटकी के अंचलाधिकारी विकास आनंद धरनास्थल पहुंचे और विधायक राज सिन्हा को प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन पत्र सौंपा। पत्र में स्पष्ट किया गया कि 2 मई को दोपहर 12 बजे समाहरणालय सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, धनबाद की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भू-धंसान, गैस रिसाव की रोकथाम और सड़क को फिर से चालू करने के समाधान पर विस्तृत चर्चा होगी। हालंकि यह पत्र 24 अप्रैल को ही जारी हुई है। लेकिन विधायक के पास 25 अप्रैल को पहुंची है। इको लेकर तरह-तरह की चर्चा सोशल मीडिया में हो रही है।

विधायक बोले— समाधान नहीं निकला तो फिर होगा आंदोलन

आश्वासन पत्र मिलने के बाद विधायक राज सिन्हा ने अनिश्चितकालीन धरना समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने प्रशासन को साफ चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यदि 2 मई की बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप में फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजी-रोटी और जनसुरक्षा का सवाल है।

16 अप्रैल से बंद है सड़क

ज्ञात हो कि 16 अप्रैल को केंदुआडीह क्षेत्र में भू-धंसान और गैस रिसाव की गंभीर घटना सामने आई थी। सड़क धंसने और भूमिगत आग के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को तत्काल बंद कर दिया था। तब से धनबाद और बोकारो के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।

आंदोलनकारियों ने कहा— स्थायी समाधान चाहिए

संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोनू पाठक और सचिव मो. जाहिद ने कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए। जब तक सड़क पूरी तरह चालू नहीं होती और गैस रिसाव की समस्या समाप्त नहीं होती, तब तक जनता का दबाव प्रशासन पर बना रहेगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कड़ी धूप के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और प्रशासन व बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी होती रही।

अब सभी की निगाहें 2 मई की बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि धनबाद-बोकारो की लाइफलाइन कही जाने वाली यह सड़क फिर कब तक आम लोगों के लिए खुल पाएगी।