बिहार:“पिता के आदर्श ही मेरी ताकत” : 77वीं जयंती पर भावुक हुए BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दी श्रद्धांजलि
बिहार भाजपा के वरिष्ठ दिवंगत नेता और पटना पश्चिम के पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 77वीं जयंती पर पटना में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पिता को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श और जनसेवा की भावना आज भी प्रेरणा देती है।
- BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बोले- “उनके आदर्श आज भी देते हैं प्रेरणा”
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार भाजपा के वरिष्ठ दिवंगत नेता एवं पटना पश्चिम से पूर्व विधायक रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 77वीं जयंती पर सोमवार को राजधानी पटना में भावुक माहौल देखने को मिला। शास्त्री नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
यह भी पढ़ें: 115 करोड़ की मंदिरी नाला-सड़क से बदलेगी पटना की तस्वीर, CM सम्राट बोले- अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब
आज बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पटना पश्चिम के लोकप्रिय विधायक रहे हर दिल अज़ीज़ पूज्य पिताजी स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा जी की 77वीं जयंती के अवसर पर राजवंशी नगर स्थित ‘नवीन सिन्हा स्मृति पार्क’ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सादर नमन किया।
— Nitin Nabin (@NitinNabin) May 11, 2026
समाजसेवा के प्रति… pic.twitter.com/yqX4YvBbgL
इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, संगठन और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया था। वे राजनीति को सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानते थे।
“जनता की सेवा ही थी उनकी पहचान”
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पिता आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे और यही कारण था कि वे जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उन्होंने कहा, “पिता जी के आदर्श, विचार और जनसेवा की भावना आज भी मुझे प्रेरित करती है। उन्होंने हमेशा सिखाया कि राजनीति का उद्देश्य समाज और गरीबों की सेवा होना चाहिए।”
पटना पश्चिम के विकास में अहम योगदान
नितिन नवीन ने कहा कि नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने पटना पश्चिम क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी सादगी, सहज व्यवहार और कर्मठता ने उन्हें जनता के दिलों में खास स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र के लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करते हैं। यही वजह है कि उनकी जयंती पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में दीघा विधानसभा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।
“उनके मूल्यों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि”
कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया कि वे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बताए रास्ते पर चलेंगे और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और आदर्शों का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






