मुंबई: बांद्रा एमटीएनएल बिल्डिंग में भीषण आग लगी, 84 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

  • बहुमंजिला इमारत में लगी आग, धुएं का गुबार दर्जनों लोग फंसे थे
  • दमकल की 31 गाड़ियां मौके पर, थर्ड व फोर्थ मंजिल पर लगी थी आग
मुंबई:बांद्रा इलाके में सोमवार दोपहर एमटीएनएल मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में लगी आग में फंसे 84 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है. ऐसी आशंका है कि आग से प्रभावित तीसरी, चौथी, पांचवी और अन्य मंजिल पर लोग फंसे हुए हो सकते है, उन्हें बाहर निकालने के लिए तलाश जारी है. बचाव अभियान में दमकल के दो अधिकारी घायल हो गये इनमें से एक सागर साल्वे का भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर एक ऐम्बुलेंस के साथ ही एक रोबॉट वाहन भी है, जिसे हाल ही में आग बुझाने के बेड़े में शामिल किया गया है. बिल्डिंग में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात कही जा रही है. बांद्रा स्थित 9 मंजिला इमारत में आग लगने के बाद धुएं का गुबार पैदा हो गया था. इमारत की तीसरी-चौथी मंजिल पर आग लगी थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गया. दमकल की 31 गाड़ियां मौके पर पहुंची थी.इमारत में फंसे लोग बिल्डिंग की 8वीं और 9वीं मंजिल की सीढ़ियों के पास खड़े थे. क्रेन की मदद से कई लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. अंदर फंसे लोग अपने मुंह को कपड़ों से ढक कर खड़े रहे. पांचवी मंजिल से नीचे के लोगों को पहले निकाल लिया गया. इसके बाद 6वीं से लेकर 9वीं मंजिल तक के लोग निकाले गये.