SAIL में युवाओं के लिए सुनहरा मौका! इस्पात संयंत्रों में 48 युवा विशेषज्ञों की बंपर बहाली, लाखों तक मिलेगा पैकेज
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने दुर्गापुर, इस्को बर्नपुर और एलाय स्टील प्लांट में 48 युवा विशेषज्ञों की बहाली के लिए अधिसूचना जारी की है। इच्छुक उम्मीदवार 6 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 70 हजार से 1.40 लाख रुपये तक वेतन, आवास, मेडिकल और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
- सेल इस्पात संयंत्रों में युवा विशेषज्ञों की बंपर बहाली
- जानें आवेदन प्रक्रिया और योग्यता
बोकारो (Threesocieties.com Desk): देश की प्रमुख इस्पात कंपनी Steel Authority of India Limited (SAIL) ने युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर दिया है। कंपनी ने अपने विभिन्न इस्पात संयंत्रों में तकनीकी एवं परियोजना कार्यों को मजबूत करने के लिए युवा विशेषज्ञों (Young Specialists) की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:झारखंड प्रशासनिक सेवा के 147 अफसरों का तबादला, 66 संयुक्त सचिव और 81 एडीएम स्तर के अधिकारी इधर से उधर
पहले चरण में दुर्गापुर, इस्को बर्नपुर और एलाय स्टील प्लांट में कुल 48 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यह नियुक्तियां अनुबंध (Contract) के आधार पर होंगी। इच्छुक उम्मीदवार 6 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
तीन बड़े इस्पात संयंत्रों में मिलेगी नौकरी
SAIL प्रबंधन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को परियोजना, संकार्य (Operations) और सामग्री प्रबंधन (Material Management) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नियुक्त किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के तहत: दुर्गापुर इस्पात संयंत्र में परियोजना, संकार्य और सामग्री प्रबंधन विभागों में नियुक्तियां होंगी। इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में सबसे अधिक पदों पर चयन किया जाएगा। एलाय स्टील प्लांट में भी युवा विशेषज्ञों की बहाली की जाएगी। कंपनी का उद्देश्य विशेष परियोजनाओं, अनुसंधान कार्यों और तकनीकी प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाना है।
6 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन
योग्य उम्मीदवारों को SAIL की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को 500 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी: कंप्यूटर बेस्ड ऑनलाइन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार (Interview)। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर होगा।
तीन साल का अनुबंध, बढ़ सकती है अवधि
चयनित युवा विशेषज्ञों को प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के अनुबंध पर नियुक्त किया जाएगा। कंपनी उनके कार्य प्रदर्शन और आवश्यकता के अनुसार इस अवधि को दो साल तक और बढ़ा सकती है। इस प्रकार उम्मीदवारों को कुल पांच वर्षों तक काम करने का अवसर मिल सकता है।
योग्यता और पात्रता
इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में BE/BTech की डिग्री होना अनिवार्य है। तकनीकी और प्रबंधकीय क्षमता रखने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
मिलेगा शानदार वेतन और सुविधाएं
SAIL प्रबंधन चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान देने जा रहा है। डिग्री और अनुभव के आधार पर उम्मीदवारों को प्रतिमाह: 70 हजार रुपये, 1 लाख रुपये,1 लाख 40 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा चयनित अभ्यर्थियों को: कंपनी आवास
मोबाइल सुविधा, स्वास्थ्य बीमा, यात्रा भत्ता व विभागीय दौरे के दौरान रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी SAIL में नौकरी पाने का यह अवसर इंजीनियरिंग युवाओं के लिए बेहद खास माना जा रहा है। बेहतर वेतन, तकनीकी अनुभव और बड़े इस्पात संयंत्रों में काम करने का मौका युवाओं के करियर को नई दिशा दे सकता है।






