बी.आई.टी सिंदरी में ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ और ‘टेक जेनिसिस’ का शानदार समापन, कृति कुमारी बनीं ‘इलेक्ट्रोचैंप ऑफ द ईयर’…
बी.आई.टी सिंदरी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सोसाइटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय तकनीकी उत्सव ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ एवं ‘टेक जेनिसिस’ का भव्य समापन हुआ। निदेशक डॉ. पंकज राय की मौजूदगी में विजेताओं को सम्मानित किया गया, जहां प्रथम वर्ष की छात्रा कृति कुमारी ने ‘इलेक्ट्रोचैंप ऑफ द ईयर’ का खिताब जीता।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): बी.आई.टी सिंदरी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सोसाइटी (EES) द्वारा आयोजित दो-दिवसीय तकनीकी महोत्सव ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ एवं ‘टेक जेनिसिस’ का आज पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर संस्थान का पूरा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग उत्साह, नवाचार और तकनीकी ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
यह भी पढ़ें: BIT सिंदरी में UPSC का मंत्र: IAS कर्ण सत्यार्थी बोले—सिर्फ पढ़ाई नहीं, व्यक्तित्व विकास से मिलती है सफलता
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज राय उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में डीन एकेडमिक डॉ. डी. के. तांती, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. घनश्याम, डॉ. आर. के. वर्मा, डॉ. रेखा झा, इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष डॉ. मो. अबुल कलाम तथा ई.ई.एस. के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. एच. सी. वर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरे विभाग में एक नई ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का संचार हुआ। छात्रों ने उत्साहपूर्वक अपने तकनीकी मॉडल, नवाचार और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छात्रों के नवाचार की अतिथियों ने की सराहना
मुख्य अतिथि डॉ. पंकज राय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के तकनीकी आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता भी सफलता की कुंजी है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. घनश्याम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।
वहीं डॉ. आर. के. वर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. मो. अबुल कलाम और डॉ. एच. सी. वर्मा ने भी तकनीकी कौशल, मॉडल प्रेजेंटेशन और समस्या समाधान क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नवाचार की दिशा में प्रेरित करती हैं।
कृति कुमारी बनीं ‘इलेक्ट्रोचैंप ऑफ द ईयर’
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ एवं ‘टेक जेनिसिस’ के विभिन्न राउंड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम वर्ष की छात्रा कृति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘इलेक्ट्रोचैंप ऑफ द ईयर’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा अन्य विजेताओं को भी मुख्य अतिथियों के हाथों ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं के चेहरों पर सफलता की खुशी साफ झलक रही थी।
आयोजन समिति के प्रयासों की हुई प्रशंसा
इस गौरवपूर्ण अवसर पर आयोजन समिति के सतत प्रयासों की भी विशेष सराहना की गई। शिक्षकों और छात्रों की संयुक्त मेहनत से यह विशाल तकनीकी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि बी.आई.टी सिंदरी केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि तकनीकी नवाचार और नेतृत्व निर्माण का भी एक मजबूत केंद्र है।






