धनबाद को बड़ी राहत: सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शुरू हुई हार्ट ओपीडी, अब सस्ते में मिलेगा इलाज—कैंसर ओपीडी भी जल्द
धनबाद के सरायढेला स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में हार्ट मरीजों के लिए ओपीडी सेवा शुरू, सप्ताह में तीन दिन इलाज की सुविधा। जल्द शुरू होगी कैंसर ओपीडी और ICU सेवा, मरीजों को मिलेगा सस्ता और बेहतर इलाज।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबादवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। सरायढेला स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अब हृदय रोगियों के लिए ओपीडी (OPD) सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस पहल से अब मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों का रुख करने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी और उन्हें सरकारी स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
ओपीडी सेवा शुरू होने के पहले दिन मरीजों की संख्या भले ही कम रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि जागरूकता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में यहां मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी। सोमवार को कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अद्वैत आकाश स्वयं ओपीडी में मौजूद रहकर मरीजों की जांच और इलाज करते नजर आए।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी कार्डियोलॉजी ओपीडी
अस्पताल के एचओडी डॉ. रवि भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल सप्ताह में तीन दिन कार्डियोलॉजी ओपीडी संचालित की जाएगी।
सोमवार और बुधवार: डॉ. अद्वैत आकाश
शुक्रवार: डॉ. सूरज चौहान
उन्होंने बताया कि अस्पताल में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को हर प्रकार की चिकित्सा सुविधा एक ही स्थान पर मिल सके।
कैंसर मरीजों के लिए भी राहत की तैयारी
अस्पताल प्रबंधन ने यह भी जानकारी दी है कि गुरुवार से ऑन्कोलॉजी (कैंसर) ओपीडी सेवा भी शुरू की जाएगी। इससे कैंसर मरीजों को भी जिले में ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी, जो अब तक बड़े शहरों पर निर्भर थे। इसके साथ ही गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू सुविधा जल्द शुरू होने वाली है और कैथलैब (Cath Lab) की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है, जिससे हार्ट से जुड़े जटिल मामलों का इलाज यहीं संभव हो सकेगा।
लक्षणों को नजरअंदाज न करें: विशेषज्ञों की सलाह
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अद्वैत आकाश ने बताया कि लोगों को हृदय रोग के लक्षणों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि— छाती में दर्द, बाएं हाथ में दर्द, सांस लेने में तकलीफव धड़कन का असामान्य होना जैसे लक्षण गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं।खासकर धूम्रपान करने वालों में हृदय रोग का खतरा अधिक होता है, इसलिए समय रहते जांच और इलाज बेहद जरूरी है।
सरकारी अस्पताल में मिलेगा सस्ता और बेहतर इलाज
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब आम लोगों को कम खर्च में विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज मिल सकेगा। यह पहल जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।






