झारखंड का बेटा संभालेगा Infosys की कमान: सरायकेला के आशीष कुमार दास होंगे नए CEO

झारखंड के सरायकेला निवासी आशीष कुमार दाश 1 अप्रैल 2027 से Infosys के नए CEO एवं MD बनेंगे। 31 वर्षों से कंपनी से जुड़े आशीष AI, क्लाउड और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के विशेषज्ञ हैं। पढ़ें उनकी प्रेरणादायक सफलता की पूरी कहानी।

झारखंड का बेटा संभालेगा Infosys की कमान: सरायकेला के आशीष कुमार दास होंगे नए CEO
आशीष कुमार दास की सफलता पर झारखंड को गर्व।

Advertisement

     HighLights:

  • आशीष कुमार दास बने Infosys के अगले CEO एवं MD
  • 1 अप्रैल 2027 से पांच साल के कार्यकाल के लिए संभालेंगे जिम्मेदारी
  • 31 वर्षों से Infosys से जुड़े हैं आशीष कुमार दास
  • AI, क्लाउड और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में है गहरी विशेषज्ञता

रांची (Threesocieties.com Desk):  झारखंड के लिए यह बेहद गौरव और प्रेरणा का क्षण है। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के कृष्णापुर गांव के रहने वाले आशीष कुमार दाश को देश की अग्रणी आईटी कंपनी Infosys का अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के वित्तीय परिणामों के साथ इस ऐतिहासिक नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा की।

यह भी पढ़ें:श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम की सुरक्षा अभेद्य, 40 DSP और 34 अस्थायी ओपी से होगी निगरानी

आशीष कुमार दाश 1 अप्रैल 2027 से पांच वर्षों के लिए कंपनी की कमान संभालेंगे। वह वर्तमान सीईओ एवं एमडी सलील पारेख का स्थान लेंगे। यह नियुक्ति केवल इंफोसिस के लिए ही नहीं बल्कि झारखंड के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का बड़ा संदेश है कि छोटे शहर और ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर भी वैश्विक स्तर पर नेतृत्व किया जा सकता है।

31 वर्षों की मेहनत ने दिलाया सर्वोच्च मुकाम

आशीष कुमार दाश का इंफोसिस के साथ सफर लगभग 31 वर्ष पुराना है। उन्होंने वर्ष 1995 में कंपनी में सीनियर एंगेजमेंट मैनेजर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपनी मेहनत, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी समझ के दम पर उन्होंने लगातार ऊंचाइयों को छुआ और कंपनी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

वर्तमान में वह Executive Vice President एवं Global Head – Services, Utilities, Resources, Energy and Enterprise Sustainability के पद पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में इंफोसिस ने दुनिया की कई Fortune-500 और Global-2000 कंपनियों को Artificial Intelligence (AI), Cloud Computing और Digital Transformation अपनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

AI और नई तकनीकों के दौर में Infosys को देंगे नई दिशा

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आशीष कुमार दाश ने कहा कि दुनिया तेजी से Artificial Intelligence आधारित नए दौर में प्रवेश कर रही है। आने वाले वर्षों में एआई व्यापार और उद्योगों की कार्यशैली को पूरी तरह बदल देगा। उन्होंने कहा कि इंफोसिस के पास मजबूत एआई रणनीति, प्रतिभाशाली इंजीनियरों की टीम और ग्राहकों के साथ गहरे संबंध हैं। इन्हीं क्षमताओं के बल पर कंपनी वैश्विक स्तर पर अपनी नेतृत्वकारी भूमिका को और मजबूत करेगी। उनका फोकस एआई आधारित नवाचार, डिजिटल सेवाओं और भविष्य की तकनीकों पर रहेगा।

सलील पारेख ने जताया पूरा भरोसा

वर्तमान सीईओ एवं एमडी सलील पारेख ने आशीष कुमार दाश को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक उनके साथ काम किया है और उनकी ईमानदारी, दूरदर्शिता, ग्राहकों के प्रति प्रतिबद्धता तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता पर उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में इंफोसिस का वार्षिक राजस्व 10 अरब डॉलर से बढ़कर 20 अरब डॉलर से अधिक हो गया है और उन्हें विश्वास है कि आशीष के नेतृत्व में कंपनी नई ऊंचाइयों को छुएगी।

झारखंड के स्कूल से ग्लोबल कॉर्पोरेट लीडर तक का सफर

आशीष कुमार दाश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कुड़मा मध्य विद्यालय और राजनगर हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने टाटा कॉलेज, चाईबासा से उच्च शिक्षा हासिल की। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित आईटी कंपनियों में शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचना उनकी असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी छोटे गांव का युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।

सरायकेला में खुशी की लहर

आशीष कुमार दाश की नियुक्ति की खबर मिलते ही सरायकेला-खरसावां जिले में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कृष्णापुर गांव के एक साधारण परिवार से निकलकर इंफोसिस जैसे वैश्विक संस्थान का नेतृत्व करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।आशीष की उपलब्धि ग्रामीण युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत से पूरा करने की प्रेरणा देगी। यह सफलता झारखंड की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाली है।

झारखंड के लिए क्यों है यह उपलब्धि खास?

झारखंड को आमतौर पर खनिज संसाधनों और औद्योगिक पहचान के लिए जाना जाता है, लेकिन अब राज्य के युवा आईटी, तकनीक और वैश्विक कॉर्पोरेट नेतृत्व में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। आशीष कुमार दाश की नियुक्ति इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की प्रतिभाएं अब दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों का नेतृत्व करने की क्षमता रखती हैं। आने वाले वर्षों में उनका नेतृत्व न केवल इंफोसिस बल्कि भारत के आईटी सेक्टर के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।