तेजस्वी पर पूर्व भाजपा नेता सुधीर शर्मा का तीखा हमला: बोले- ‘सम्राट चौधरी संघर्ष से बने नेता, आप सिलेक्टेड नहीं नॉमिनेटेड थे’

बिहार विधानसभा में विश्वासमत के दौरान तेजस्वी यादव के बयान पर पूर्व भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए करारा जवाब दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बचाव करते हुए लालू परिवार और तेजस्वी यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

तेजस्वी पर पूर्व भाजपा नेता सुधीर शर्मा का तीखा हमला: बोले- ‘सम्राट चौधरी संघर्ष से बने नेता, आप सिलेक्टेड नहीं नॉमिनेटेड थे’
तेजस्वी पर सुधीर शर्मा का पलटवार।

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर बयानबाजी तेज होती जा रही है। विधानसभा में विश्वासमत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सम्राट चौधरी पर किए गए हमले के बाद अब पूर्व भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के राजनीतिक ज्ञान, इतिहास की समझ और नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी संघर्ष से निकले नेता हैं, जबकि तेजस्वी यादव “सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए” नेता हैं।

यह भी पढ़ें: वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस डिनर के दौरान फायरिंग से हड़कंप, ट्रंप को सुरक्षित निकाला गया; हमलावर गिरफ्तार

सुधीर शर्मा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि तेजस्वी यादव ने विधानसभा में कहा था कि सम्राट चौधरी “लालू जी की पाठशाला के विद्यार्थी” हैं, जबकि सच्चाई यह है कि सम्राट चौधरी अपने पिता स्वर्गीय शकुनी चौधरी के राजनीतिक संस्कारों से तैयार हुए नेता हैं। उन्होंने कहा कि शकुनी चौधरी स्वयं अपने दौर के बड़े नेता थे और लालू प्रसाद यादव के साथ उनका संबंध बराबरी और राजनीतिक मजबूरी का था। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1999 में सम्राट चौधरी सीधे कैबिनेट मंत्री बने थे और तब वे राजद या जनता दल के सदस्य भी नहीं थे। सुधीर शर्मा ने सवाल उठाया कि यदि सम्राट चौधरी में योग्यता नहीं थी, तो लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बिना विधायक बने मंत्री क्यों बनाया था?

लालू यादव के राजनीतिक सफर पर भी उठाए सवाल

सुधीर शर्मा ने लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक सफर को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि लालू यादव स्वयं रामप्रसाद यादव, दारोगा राय, रामलखन सिंह यादव, जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर, शरद यादव और देवीलाल जैसे नेताओं की राजनीतिक पाठशाला से गुजरते हुए आगे बढ़े और समय-समय पर सभी को धोखा देकर राजनीति की सीढ़ियां चढ़ीं।

उन्होंने तेजस्वी यादव के उस आरोप पर भी जवाब दिया जिसमें उन्होंने सम्राट चौधरी को “इलेक्टेड नहीं, सिलेक्टेड मुख्यमंत्री” कहा था। सुधीर शर्मा ने कहा कि अगर यही पैमाना है, तो 1990 में लालू प्रसाद यादव भी “सिलेक्टेड मुख्यमंत्री” ही थे। उस समय उनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए पहले से घोषित नहीं था।

“राष्ट्रीय दलों में नेतृत्व तय करता है केंद्रीय हाईकमान”

सम्राट चौधरी लालू की पाठशाला के नहीं

शकुनी चौधरी के स्कूल के विद्यार्थी”

सुधीर शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों में मुख्यमंत्री कौन होगा, यह केंद्रीय नेतृत्व तय करता है। बिहार का पिछला चुनाव नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा गया था, जिसमें सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री नंबर-1 के रूप में प्रमुख चेहरे थे। ऐसे में सत्ता हस्तांतरण की स्थिति में उनका मुख्यमंत्री बनना स्वाभाविक था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2010 के चुनाव के बाद लालू प्रसाद यादव ने स्वयं सम्राट चौधरी को विधायक दल का मुख्य सचेतक बनाया था। इससे साफ है कि वे उनकी नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक कौशल से प्रभावित थे।

“तेजस्वी नॉमिनेटेड थे, सम्राट संघर्ष से निकले”

सुधीर शर्मा ने तेजस्वी यादव पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री के बेटे के रूप में पैदा हुए और सीधे उपमुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने लिखा, “आप सिलेक्टेड ही नहीं, नॉमिनेटेड उपमुख्यमंत्री थे। नॉमिनेटेड को सिलेक्टेड पर उंगली उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।” उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी का बचपन संघर्ष में बीता। उन्होंने अपने पिता को संघर्ष करते देखा और राजनीति को जमीन से सीखा, जबकि तेजस्वी यादव विलासिता और सत्ता के माहौल में बड़े हुए।

विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह

पोस्ट के अंत में सुधीर शर्मा ने तेजस्वी यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें ऐशो-आराम और विलासिता की राजनीति छोड़कर जनसमस्याओं पर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी उनकी पार्टी के पास केवल 25 विधायक हैं, जिसकी वजह से वे संवैधानिक रूप से नेता प्रतिपक्ष हैं। यदि उनकी कार्यशैली नहीं बदली, तो यह दर्जा भी खतरे में पड़ सकता है।

बिहार की राजनीति में इस बयान के बाद नया सियासी घमासान शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी बनाम तेजस्वी यादव की यह लड़ाई आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है।