धनबाद: कोयला चोरी पर कार्रवाई पड़ी भारी! BCCLके कतरास एरिया GM को गोली मारने की धमकी
धनबाद के कतरास क्षेत्र के BCCL महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोयला चोरी रोकने की कार्रवाई से नाराज असामाजिक तत्वों ने उनके वाहन को घेरकर गोली मारने की चेतावनी दी। तेतुलमारी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
HighLights
- कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा ने तेतुलमारी थाना में शिकायत दर्ज कराई
- कांटापहाड़ी में कोयला चोरी रोकने के अभियान के कारण जान का खतरा होने का आरोप
- बिना नंबर की 4-5 स्कॉर्पियो गाड़ियों ने GM के आधिकारिक वाहन को घेरा
- चालक व CISF जवानों के साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप
- "कोयला चोरी रोकी तो गोली मार देंगे" का संदेश भिजवाने का दावा
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल में कोयला चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बीसीसीएल (BCCL) कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा को कथित तौर पर जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में महाप्रबंधक ने तेतुलमारी थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: कोलाकुसमा में अवैध डीप बोरिंग का खेल: कार्रवाई करने पहुंचे DMC के JE को मिली जान से मारने की धमकी
महाप्रबंधक द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 16 जून 2026 की शाम उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ सशस्त्र असामाजिक तत्व उनके आवास लौटने के दौरान हमला करने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल सीआईएसएफ से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की।
सुरक्षा रणनीति से टली बड़ी घटना
संभावित खतरे को देखते हुए सीआईएसएफ अधिकारियों ने विशेष सुरक्षा रणनीति बनाई। इसके तहत महाप्रबंधक को उनके आधिकारिक वाहन के बजाय दूसरे वाहन से सुरक्षा घेरे में रवाना किया गया, जबकि उनका आधिकारिक वाहन अलग से भेजा गया। बताया गया है कि शक्ति चौक से भुली की ओर जाने के दौरान लगभग एक किलोमीटर आगे 4 से 5 काले रंग की बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ियों ने महाप्रबंधक के आधिकारिक वाहन को घेर लिया। वाहन से उतरे लोगों ने चालक के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की।
CISF जवान के साथ भी अभद्रता
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वाहन में मौजूद सीआईएसएफ जवान के साथ एक महिला द्वारा अनुचित व्यवहार किया गया, जबकि अन्य लोग पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। महाप्रबंधक ने आशंका जताई है कि वाहन में मौजूद सुरक्षा कर्मी को उन्हें समझकर फंसाने, बदनाम करने और बाद में ब्लैकमेल करने की साजिश रची जा रही थी। जब संबंधित लोगों को यह पता चला कि वाहन में महाप्रबंधक मौजूद नहीं हैं, तब उन्होंने धमकी देते हुए वाहन को जाने दिया।
पीछा कर दोबारा रोका गया वाहन
आवेदन में कहा गया है कि घटना यहीं समाप्त नहीं हुई। आरोपित तत्वों ने वाहन का पीछा किया और गोल बिल्डिंग के समीप दोबारा वाहन को रोककर चालक तथा सीआईएसएफ कर्मियों को धमकाया। इस दौरान कथित तौर पर यह संदेश दिया गया कि "आज वह बच गया है, लेकिन यदि भविष्य में कतरास क्षेत्र के कांटापहाड़ी पैच में हो रही कोयला चोरी रोकने का प्रयास किया, तो उसे गोली मार दी जाएगी।"
कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े होने की आशंका
महाप्रबंधक विष्णु कान्त झा ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित भयादोहन, धमकी और आतंकित करने की साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। उनका मानना है कि कतरास क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्रभावित करने तथा अधिकारियों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने तेतुलमारी थाना से निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बीसीसीएल और सीआईएसएफ महकमे में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।कोयलांचल में सक्रिय कोयला चोरी और अवैध खनन के नेटवर्क पर कार्रवाई के बीच सामने आई यह घटना प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
बीसीसीएल ब्लॉक-दो के अधिकारियों के ट्रांसफर की लगायी थी गुहार
ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला तस्करों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर हे थे। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अधिकारियों ने खुद को असुरक्षित पाते हुए सामूहिक रूप से सीएमडी को पत्र लिखकर अपना तबादला करने की गुहार लगाई थी। अधिकारियों का कहना था कि जान जोखिम में डालकर काम करना मुमकिन नहीं है। सामूहिक तबादले की गुहार के बीच जीएम सिक्योरिटी ने क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी।






