धनबाद के केंदुआ में ‘जमीन के नीचे का खतरा’ फूटा: GM आवास की दीवार ढही, जहरीली गैस से दहशत

धनबाद के केंदुआ में भू-धंसान के बाद GM आवास की दीवार ढही और जमीन से जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकलने लगी। 2047 PPM गैस स्तर से इलाके में दहशत, प्रशासन पर उठे सवाल।

धनबाद के केंदुआ में ‘जमीन के नीचे का खतरा’ फूटा: GM आवास की दीवार ढही, जहरीली गैस से दहशत
पुराना महाप्रबंधक आवास की बाउंड्रीवाल धराशायी ।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद के केंदुआ इलाके में एक बार फिर भू-धंसान और गैस रिसाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को धंसान प्रभावित क्षेत्र में स्थित पुराने महाप्रबंधक (GM) आवास की चारदीवारी अचानक ढह गई। इसके साथ ही जमीन से तेज़ी से जहरीली गैस निकलने लगी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: सावन 2026 से पहले बाबा धाम में हाई अलर्ट! पाकिस्तानी करेंसी के बाद सख्ती, अवैध दुकानों पर चला बुलडोज़र

 2047 PPM तक पहुंची गैस, कार्बन मोनोऑक्साइड का खतरा

घटना स्थल से निकल रही गैस कार्बन मोनोऑक्साइड बताई जा रही है, जिसकी तीव्रता 2047 पीपीएम तक मापी गई है। यह स्तर बेहद खतरनाक माना जाता है और जानलेवा साबित हो सकता है।

घरों में दरारें, लोग डरे

भू-धंसान के कारण न सिर्फ GM आवास की दीवार गिरी, बल्कि पास के एक घर में भी दरारें पड़ गई हैं और वहां से भी गैस रिसाव की सूचना है। इलाके में रहने वाले लोग भयभीत हैं और लगातार घर छोड़ने की स्थिति बन रही है।

28 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं, सिर्फ सर्वे जारी

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि घटना के 28 घंटे बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से सड़क को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। फिलहाल केवल प्रभावित लोगों को हटाने के लिए सर्वे का काम चल रहा है।

नाइट्रोजन डालना भी बंद, खतरा और बढ़ा

जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल ने बुधवार से ही जमीन के अंदर नाइट्रोजन गैस डालने का काम भी बंद कर दिया है। यह प्रक्रिया गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए की जाती थी, जिसके बंद होने से खतरा और बढ़ गया है।

पहले भी जा चुकी है 4 लोगों की जान

केंदुआ इलाके में दिसंबर 2025 से लगातार कार्बन मोनोऑक्साइड का रिसाव हो रहा है। इस दौरान अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

अधिकारी मौके पर, भराई की तैयारी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीबी एरिया के महाप्रबंधक जीसी साहा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। साथ ही खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) और जेआरडीए की टीम भी जांच में जुटी है। भू-धंसान को रोकने के लिए मिट्टी और बालू भराई की तैयारी की जा रही है।

 नगर निगम में हाई लेवल मीटिंग

इधर धनबाद नगर निगम में इस पूरे मामले को लेकर उच्चस्तरीय बैठक चल रही है। इसमें जिला प्रशासन, जेआरडीए, डीआरडीए और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हैं। बैठक में मुख्य रूप से लोगों की सुरक्षा और गैस रिसाव रोकने की रणनीति पर चर्चा हो रही है।