UPSC 2025: बिहार पांच अभ्यर्थियों ने टॉप-20 में बनाई जगह, मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला को चौथी रैंक
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की, जबकि टॉप-20 में बिहार के 5 अभ्यर्थियों ने जगह बनाकर राज्य का मान बढ़ाया।
- मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला बने स्टेट टॉपर
पटना (Threesocieties.com Desk)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार के नतीजों में बिहार के अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-20 में एक चौथाई सीटों पर कब्जा जमाया है।
यह भी पढ़ें: BCCL कांटा पहाड़ी खदान हादसा: सात मजदूरों की मौत पर बड़ा एक्शन, DGMS ने चार अफसरों पर दर्ज कराया केस
राज्य के मुजफ्फरपुर निवासी राघव झुनझुनवाला ने ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर बिहार टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। इसके अलावा टॉप-20 की सूची में बिहार के कुल पांच अभ्यर्थियों ने जगह बनाकर राज्य का नाम रोशन किया है।
टॉप-20 में बिहार के पांच अभ्यर्थी
UPSC के घोषित परिणाम के अनुसार बिहार के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल की है।
टॉप-20 में शामिल बिहार के अभ्यर्थी इस प्रकार हैं—
राघव झुनझुनवाला (मुजफ्फरपुर) – AIR 4
उज्ज्वल प्रियांक (वैशाली) – AIR 10
यशस्वी राजवर्धन (सारण) – AIR 11
मोनिका श्रीवास्तव (औरंगाबाद) – AIR 16
रवि राज (नवादा) – AIR 20
इशित्व आनंद (पटना) – AIR 50
आकाश कुमार (पटना) – AIR 101
अभिषेक सिंह चौहान – AIR 102
आयुष कुमार (समस्तीपुर) – AIR 143
रुचि सिंह (बेगुसराय) – AIR 171
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले वर्ष टॉप-10 में बिहार का एक भी अभ्यर्थी स्थान नहीं बना सका था।
बिहार के 50 से अधिक अभ्यर्थी हुए सफल
UPSC 2025 के परिणाम में बिहार के 50 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इन सफलताओं से पूरे राज्य में खुशी और उत्साह का माहौल है। नवादा जिले के हिसुआ की रितिका पाण्डेय ने UPSC 2025 में 185वीं रैंक प्राप्त कर अपने जिले का नाम रोशन किया है। समस्तीपुर की डॉ. दीपाली महतो ने UPSC 2025 में 36वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिछले वर्ष उन्होंने 105वीं रैंक प्राप्त की थी और प्रशिक्षण ले रही थीं। इस बार उन्होंने अपनी रैंक में सुधार करते हुए टॉप-50 में जगह बनाई। दीपाली पेशे से दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) हैं। अरवल जिले के बेलांगज प्रखंड के ग्राम दादपुर के राजीव नयन जी के सुपुत्री वैष्णवी कुमारी UPSC में 298 रैंक प्राप्त की है ।
पश्चिम चंपारण की अपूर्वा वर्मा ने UPSC में 42वीं रैंक हासिल कर IAS बनने का सपना पूरा किया है। इससे पहले वर्ष 2022 में उनका चयन IPS के लिए हुआ था और वह दिल्ली में एसीपी पद पर कार्यरत थीं। भभुआ के आरजेडी लीडर अरुण कुमार सिंह मिलन के छोटे पुत्र कुमार कनिष्ट को 280 वां रैंक मिला है।
दृष्टिहीनता के बावजूद रवि राज ने हासिल की बड़ी सफलता
नवादा के रवि राज की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। बचपन में आंखों की रोशनी खोने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पांचवें प्रयास में UPSC में 20वीं रैंक हासिल कर ली। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में जश्न का माहौल है।
आर्मी में मेजर Nitish Kumar ने UPSC में लाया 305 वां रैंक
बेगूसराय जिले के शाम्हो थाना अंतर्गत बिजुलिया पश्चिम टोला निवासी शिवाकांत सिंह और माता शिक्षिका किरण सिंह के पुत्र नीतीश कुमार ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में आल इंडिया 305वां रैंक प्राप्त किया है।नीतीश के दादा नारायण शर्मा अपने समय में शाम्हो के प्रसिद्ध नेता थे और बिजुलिया पैक्स के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल काफी सफल माना जाता है। पिता शिवाकांत सिंह कोल माइनिंग विभाग में मध्य प्रदेश में कार्यरत हैं।
मुंगेर जिले के तारापुर में पदस्थापित अवर निबंधन पदाधिकारी अमन कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 की परीक्षा में 603वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है।अमन कुमार ने बताया कि वे भोजपुर जिले के पटवारी गांव के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।
लखीसराय जिले के दो अफसर यूपीएससी में सफल
कुर्जी मोहम्मदपुर, पटना के प्रीति कुमारी ने 232 वीं रैंक हासिल किया है। मकन्दपुर,भागलपुर के राहुल कुमार को 141 वां स्थान मिला है। दादपुर बेलागंज, गया के वैष्णवी को 298 व अनुभव कुमार आईयारा, अरवल को 339 रैंक आया है। लखीसराय जिले में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रुचि सिंह ने 171 वीं रैंक अवर निर्वाचन पदाधिकारी स्मृति आनंद ने 368 वीं रैंक हासिल है।
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के महादेवपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव निवासी प्रणय प्रसून ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 245वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी और उत्साह का माहौल फैल गया। परिजन और ग्रामीण घर पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं। प्रणय की प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय मधुबनी से हुई। इसके बाद प्रणय ने आईआईटी खड़गपुर से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई पूरी की।
भागलपुर जीरोमाइल स्थित चाणक्य विहार कालोनी की रहने वाली मीमांसा ने 447वीं रैंक हासिल कर भागलपुर का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वह पूर्णिया सर्किल-वन में सहायक आयकर आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।बेगूसराय जिले चेरिया बरियारपुर प्रखंड के कोरजना गांव निवासी उमा कांत सिंह की नातिनी (दोहित्री) रुचि सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। रुचि, कोरजना गांव निवासी निशा सिंह और सदर मटिहानी के महदरपुर गांव निवासी रामशंकर सिंह की पुत्री हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में बांका में पुलिस इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
दरभंगा जिले के भवानीपुर पंचायत अंतर्गत नवटोल गांव निवासी सौरभ कुमार झा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में में 689 वां रैंक प्राप्त किया है। रोहतास जिला के तिलौथू प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पद पर पदस्थापित व कैमूर जिले के मोहनिया निवासी नूर आलम ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 625 वां रैंक प्राप्त कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे कैमूर जिले को गौरवान्वित किया है। रोहतास जिला के दावथ थाना क्षेत्र के योगिनी गांव निवासी रमेश दुबे की पुत्री तृप्ति कुमारी ने यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा में 700 रैंक प्राप्त कर ज़िले का नाम रौशन किया है। तृप्ति अभी कैमूर जिला के मोहनिया में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।






