Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झरिया क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि अब पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। मेयर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह ने आज बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: प्रिंस खान गैंग का फाइनेंस मास्टरमाइंड सैफी धराया, करोड़ों की रंगदारी व दुबई तक फैले मनी ट्रेल का बड़ा खुलासा

बैठक में झरिया के एक्ज़ीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने आम जनता की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया और तत्काल समाधान की मांग की।

अधिकारियों ने दिया जल्द सुधार का भरोसा

बैठक के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। खासकर ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनियमित सप्लाई जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने की बात कही गई।

उच्च अधिकारियों से भी हुई सीधी बातचीत

इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मेयर और विधायक ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों—सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, विभागीय जीएम और झारखंड सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के सचिव से भी दूरभाष पर संपर्क किया। इस दौरान सब-स्टेशन की क्षमता, हाई टेंशन पावर सप्लाई, आरएमयू स्विच और ट्रांसफार्मर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी स्तरों पर बिजली आपूर्ति को मजबूत और निर्बाध बनाने पर जोर दिया गया।

 जनता को राहत दिलाने की कोशिश

लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती से झरिया की जनता बेहाल है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की यह पहल लोगों को राहत दिलाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग अपने वादों को कितनी जल्दी जमीन पर उतार पाता है।

समस्या के मुख्य बिंदु

बार-बार बिजली ट्रिपिंग
लो वोल्टेज की समस्या
ट्रांसफार्मर ओवरलोड
सब-स्टेशन की क्षमता पर दबाव
हाई टेंशन लाइन में तकनीकी खामियां