दिल्ली अग्निकांड में बड़ा एक्शन: फरार होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, पूरे शहर में चलेगा फायर सेफ्टी अभियान
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में बड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने फरार होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। 21 मौतों के बाद अब पूरी दिल्ली में होटल, रेस्तरां और कॉमर्शियल इमारतों की फायर सेफ्टी जांच शुरू होगी।
- हादसे में 21 लोगों की मौत, 11 विदेशी नागरिक भी शामिल
- गैर-इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में FIR दर्ज
- पूरे दिल्ली में होटल, रेस्तरां, नर्सिंग होम और कोचिंग संस्थानों की होगी जांच
- फायर सेफ्टी नियम तोड़ने वालों पर सीलिंग और कार्रवाई की तैयारी
नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk) : राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की आग में उजड़ गया पूरा परिवार: गुरुग्राम के CA विवेक समेत 8 की मौत, सिर्फ बीमार पिता बचे
बुधवार सुबह हुई इस भयावह घटना ने पूरे दिल्ली को झकझोर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक फ्लोरिश स्टे बी एंड बी और उससे जुड़े लेमन ग्रीन रेस्तरां की तरफ से धुआं और शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। पहले लोगों को लगा कि कोई सामान्य विवाद हुआ है, लेकिन देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में मौत की आग! मालवीय नगर के होटल-रेस्टोरेंट में 21 की दर्दनाक मौत, विदेशी नागरिक भी शिकार
आग में फंसे लोग खिड़कियों और बालकनियों से मदद के लिए चिल्ला रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। किसी ने पुलिस को फोन किया तो किसी ने बिल्डिंग के नीचे गद्दे बिछाने शुरू कर दिए ताकि लोग जान बचाने के लिए छलांग लगा सकें। कई लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगाई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
फरार था होटल मालिक
दिल्ली पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज की। FIR दर्ज होने के बाद होटल मालिक लवकेश बजाज और उसकी पत्नी अचानक गायब हो गए थे। बताया गया कि दोनों एक लग्जरी कार में सवार होकर निकले थे। पुलिस की कई टीमों ने CCTV फुटेज खंगाली और विभिन्न जगहों पर छापेमारी की, जिसके बाद आखिरकार होटल मालिक को हिरासत में ले लिया गया।
देश छोड़कर भागने की तैयारी?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशंका थी कि आरोपी देश छोड़कर भाग सकता है। इसी को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। जांच एजेंसियां होटल मालिक से जुड़े कारोबारी नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
दिल्ली में चलेगा एक महीने का बड़ा अभियान
इस हादसे के बाद दिल्ली प्रशासन और उपराज्यपाल ने राजधानी के सभी होटल, गेस्ट हाउस, रेस्तरां, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थानों और अन्य संवेदनशील कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी ऑडिट का आदेश दिया है। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक कमरे संचालित करने वाले होटल और लॉज को सील किया जा सकता है। इसके अलावा उन जगहों की भी पहचान की जाएगी जहां दमकल गाड़ियों की पहुंच में अवरोध हैं।
सरकार का संदेश: नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आवासीय इलाकों में अवैध कॉमर्शियल गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मानकों का उल्लंघन करने वालों पर निर्णायक कार्रवाई भी की जाएगी। मालवीय नगर की यह त्रासदी एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है कि आखिर बड़े शहरों में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी कब तक लोगों की जान लेती रहेगी।






