- रांची में नया ‘विधायक आवास बना राजनीतिक मिलन का मंच
रांची / धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड की राजनीति में रविवार को एक दिलचस्प और चर्चित दृश्य देखने को मिला, जब झरिया से भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने राजधानी रांची में अपने नए विधायक आवास में विधिवत गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम केवल एक पारिवारिक समारोह नहीं रहा, बल्कि सत्ता और विपक्ष के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी के कारण यह एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मिलन का मंच बन गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया में मारवाड़ी युवा मंच की सेवा मिसाल: मुफ्त कान जांच शिविर में 48 लोगों की जांच
और भी पढ़ें
- धनबाद में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 1200 किलो लड्डू नष्ट, मद्रास कैफे पर जुर्माना
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम

राजधानी के जगन्नाथपुर स्थित झारखंड विधानसभा परिसर के न्यू विधायक आवास-21 में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर विधायक रागिनी सिंह ने अपने नए आवास में प्रवेश किया। गृह प्रवेश के बाद आयोजित प्रीतिभोज में विभिन्न दलों के विधायक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं, जिससे राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा रही।
सत्ता और विपक्ष के कई दिग्गज रहे मौजूद
इस अवसर पर एक्स सीएम बाबूलाल मरांडी, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, भाजपा सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल, धनबाद विधायक राज सिन्हा, पलामू विधायक आलोक चौरसिया, विधायक प्रकाश राम, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव और बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह (अनूप सिंह), एमपी मनीष जयसवाल, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों में रौशन लाल चौधरी और देवेंद्र कुंवर की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
मेयर संजीव सिंह भी पहुंचे, विकास पर चर्चा
कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह अपनी पत्नी एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह के साथ अतिथियों का स्वागत करते नजर आए। बताया जाता है कि कार्यक्रम से पहले मेयर संजीव सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर धनबाद नगर निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। इस वजह से यह आयोजन केवल सामाजिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यकर्ताओं और समर्थकों में दिखा उत्साह
गृह प्रवेश की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक विधायक आवास पहुंचे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर रागिनी सिंह को नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रीतिभोज कार्यक्रम में धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र से आए कई समर्थक और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

रागिनी सिंह ने जताया आभार
इस मौके पर विधायक रागिनी सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि— “आप सभी का स्नेह, आत्मीयता और आशीर्वाद मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में यह समर्थन मुझे लगातार ऊर्जा देता रहेगा।”
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में क्यों अहम रहा आयोजन
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कार्यक्रम केवल एक गृह प्रवेश समारोह नहीं था, बल्कि विभिन्न दलों के नेताओं की उपस्थिति ने इसे राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया। धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने यह संकेत भी दिया कि क्षेत्रीय मुद्दों और विकास को लेकर नेताओं के बीच संवाद और समन्वय बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं।