Advertisement
  • चार नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर खुलवाया लॉकर
  • बाहर से बैंक बंद कर आराम से हुए फरार

हजारीबाग (Threesocieties.com Desk): झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार को दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। हजारीबाग रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में चार हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब पांच किलो सोना और पांच लाख रुपये नकद लूट लिए।  सूत्रों के अनुसार लूटे गए सोने की कीमत 7 करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: AAP में सबसे बड़ी टूट! राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसद BJP में शामिल, पंजाब चुनाव से पहले केजरीवाल को बड़ा झटका

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। नई पदस्थापित एसपी अमन कुमार के लिए यह वारदात बड़ी चुनौती बन गई है।

ग्राहकों के वेश में पहुंचे अपराधी, फिर तानी बंदूक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों अपराधी ग्राहकों के वेश में बैंक के भीतर दाखिल हुए थे। अंदर पहुंचते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए और बैंक कर्मियों व वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने हेलमेट पहन रखा था, एक मास्क में था, जबकि बाकी दो ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। सभी के हाथों में देशी हथियार थे।  अपराधियों ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और पूरे बैंक परिसर में दहशत फैला दी।

कर्मचारियों से मारपीट कर खुलवाया लॉकर

बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें डराकर लॉकर खुलवाया। इसके बाद स्ट्रॉन्ग रूम और कैश काउंटर को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने अपने साथ लाए बैगों में करीब लगभग पांच किलो सोना और 4 से 5 लाख रुपये नकद भर लिए। कुछ रिपोर्टों में लूट की राशि और सोने की मात्रा इससे भी अधिक बताई जा रही है। वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे अंदरूनी जानकारी होने की आशंका भी जताई जा रही है।

बैंक को बाहर से बंद कर फरार हुए लुटेरे

लूट के बाद अपराधियों ने बैंक का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया ताकि तुरंत कोई उनका पीछा न कर सके। इसके बाद वे आराम से फरार हो गए। कुछ देर बाद बैंककर्मियों ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरीय अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे बैंक परिसर को सील कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

नई एसपी के लिए बड़ी चुनौती

बताया जा रहा है कि बैंक की यह शाखा करीब 7 से 8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। इतनी जल्दी इतनी बड़ी वारदात हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों ने पूरी योजना और तैयारी के साथ इस घटना को अंजाम दिया। अब पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दबाव बढ़ गया है।

क्या बोले हजारीबाग के एसपी

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों ने करीब 3 किलो सोना और 4 लाख रुपये नकद की लूट की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के जिलों में नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है। बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश

इस बड़ी बैंक लूट के बाद बरही क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग बैंक और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। यह घटना सिर्फ एक बैंक डकैती नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती मानी जा रही है।