गुजरात: वडोदरा में खौफनाक मर्डर! कार में मिला खून से लथपथ बिजनेसमैन का शव, शहर में सनसनी

गुजरात के वडोदरा में एक केटरिंग व्यवसायी की हत्या से सनसनी फैल गई। डांडिया बाजार इलाके में कार से खून से लथपथ शव मिलने के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और FSL जांच में जुट गई है।

गुजरात: वडोदरा में खौफनाक मर्डर! कार में मिला खून से लथपथ बिजनेसमैन का शव, शहर में सनसनी
बाबूसिंह लालसिंह चौहान(फाइल फोटो)।

अहमदाबाद/वडोदरा((Threesocieties.com Desk): गुजरात के वडोदरा शहर में देर रात हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। शहर के व्यस्त डांडिया बाजार इलाके में एक कार से खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान केटरिंग व्यवसाय से जुड़े बाबूसिंह लालसिंह चौहान के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:49 साल बाद खत्म हुआ शाही संपत्ति विवाद! सुप्रीम कोर्ट बोला- ‘सिंहासन मिलेगा, पूरी संपत्ति नहीं’

कार के अंदर मिला खून से लथपथ शव

जानकारी के अनुसार, डांडिया बाजार स्थित जंबूबेट क्षेत्र में राम वे प्लाजा की गली में देर रात एक संदिग्ध कार काफी देर से खड़ी दिखाई दी। स्थानीय लोगों को जब शक हुआ तो उन्होंने नजदीक जाकर देखा। कार के अंदर एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक पर धारदार हथियार से कई वार किए गए होने की आशंका है।

कुछ ही मिनटों में पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए रावपुरा पुलिस स्टेशन, क्राइम ब्रांच, एलसीबी (Local Crime Branch) और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेरकर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई। FSL टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

हत्या के पीछे क्या है वजह?

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी, आर्थिक लेन-देन, कारोबारी विवाद या कोई अन्य कारण है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

DCP का दावा- आरोपी बच नहीं पाएंगे

मामले को लेकर DCP जोन-2 मंजीता वंजारा ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा— “आरोपी कितने भी शातिर क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”

वडोदरा में बढ़ते अपराध ने खड़े किए सवाल

लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने वडोदरा शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।