Advertisement

धनबाद। राज्य स्थापना दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अवसर पर धनबाद जिले में भव्य आयोजन की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस मौके पर सांस्कृतिक, जनजागरूकता और विकासपरक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जायेगी।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:धनबाद में नहीं टूटेंगे कंस्ट्रक्शन कॉलोनी के आवास, पश्चिमी केबिन के पास शिफ्ट होगा TRD गोदाम

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें मुख्य आयोजन की रूपरेखा तय की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि 11 नवम्बर से 29 नवम्बर तक जिले में “सरकार आपके द्वार” अभियान के साथ राज्य स्थापना सप्ताह से जुड़ी गतिविधियाँ लगातार आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों की शुरुआत एलईडी वैन के फ्लैग-ऑफ से होगी, जिसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाई जायेगी।

शहर के विभिन्न हिस्सों में स्ट्रीट डांस, फ्लैश मॉब, साइकिल रैली और वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए जनजागरूकता फैलाई जाएगी। वहीं, रांची के मोरहाबादी मैदान में धनबाद जिले की उपलब्धियों पर एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न विभाग अपने कार्यों और योजनाओं की जानकारी देंगे। इस अवसर पर जिले में कई विकासात्मक कार्यक्रमों का शुभारंभ भी किया जायेगा। इनमें ब्लड डोनेशन बस, पॉलीटेक्निक बस, स्मार्ट स्कूल, ऑब्जर्वेशन होम कैप, सदर पंजीयन काउंटर, जेआरडीए ई-रिक्शा वितरण, सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना तथा जरूरतमंदों के बीच स्वेटर एवं कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे उत्साह और गर्व के साथ सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करें और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।