Advertisement

धनबाद। रांगाटांड़ में बनने वाले सेकंड अंडरपास के लिए अब कंस्ट्रक्शन कॉलोनी के रेल आवास नहीं तोड़े जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने टीआरडी गोदाम को पश्चिमी केबिन के पास स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से स्थानीय रेल कर्मचारियों और निवासियों को बड़ी राहत मिली है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:Jharkhand: घाटशिला उपचुनाव के बीच BJP को झटका, पूर्व जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती समेत कई नेता JMM में शामिल

 डीआरएम अखिलेश मिश्र ने बुधवार को धनबाद स्टेशन से रांगाटांड़ तक लगभग दो घंटे तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंडरपास निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मल्टी ट्रैकिंग के तहत प्रस्तावित दो नई रेल लाइनों में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। डीआरएम ने सीनियर डीएमएम के नए स्टोर भवन, क्लिनिकल लैब क्षेत्र, और प्रस्तावित नए टीआरडी गोदाम स्थल का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों से गोदाम निर्माण के लिए आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली।

धनबाद स्टेशन को विश्वस्तरीय रूप देने की योजना पर भी उन्होंने समीक्षा की। पुनर्विकास योजना के तहत नया कोचिंग डिपो बनाया जायेगा, जिससे मौजूदा ट्रेनों के रखरखाव के साथ नई ट्रेनों के संचालन की भी सुविधा बढ़ेगी। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और आधुनिक अवसंरचनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम इंफ्रा अमित कुमार, सीनियर डीसीएम मोहम्मद इकबाल, सीनियर डीओएम अंजय तिवारी समेत निर्माण, इंजीनियरिंग और टीआरडी विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।