धनबाद: DAV लोदना में बोर्ड परीक्षार्थियों को मिला ‘यज्ञ का आशीर्वाद’… BCCL के डीपी ने दिया सफलता मंत्र

धनबाद के DAV लोदना में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र वितरण के साथ हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। BCCL के निदेशक (HRD) मुरली कृष्ण रमैय्या ने छात्रों को सफलता का मंत्र दिया।

धनबाद: DAV लोदना में बोर्ड परीक्षार्थियों को मिला ‘यज्ञ का आशीर्वाद’… BCCL के डीपी ने दिया सफलता मंत्र
हवन कार्यक्रम में डीपी व प्रिंसिपल।
  • एडमिट कार्ड वितरण के साथ हवन

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। धनबाद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान डीएवी लोदना (झरिया-बनियाहीर) में बुधवार (11 फरवरी 2026) को 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड परीक्षा प्रवेश पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर को विशेष बनाते हुए विद्यालय परिवार ने छात्रों की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए एक विशेष हवन कार्यक्रम भी आयोजित किया।

यह भी पढ़ें: धनबाद की बेटी का कमाल: 9वीं की छात्रा ने बनाया AI Smart Baby Band, गिरते ही मोबाइल पर पहुंचेगा अलर्ट

 हवन के साथ सफलता की कामना

विद्यालय परिसर में आयोजित हवन में मुख्य यजमान के रूप में भारतीय कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के निदेशक मानव संसाधन मुरली कृष्ण रमैय्या तथा वेलफेयर विभाग की प्रमुख किरण नायर उपस्थित रहीं। इसके अलावा लोदना क्षेत्र संख्या-10 के कार्मिक प्रबंधक दीपक कुमार सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

 “जीवन में लक्ष्य तय करें” – मुख्य अतिथि

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि BCCL के निदेशक मानव संसाधन मुरली कृष्ण रमैय्या ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि— “जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए एकाग्रचित्त होकर प्रयास करें। हर दिन एक परीक्षा है, इसलिए परीक्षा को तनावमुक्त होकर दें। किसी का अंधानुकरण न करें, बल्कि सच्ची लगन और ईमानदारी से आगे बढ़ें।” निदेशक के प्रेरणादायक शब्दों ने छात्रों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

 प्राचार्या ने दी शुभकामनाएं

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने अपने संबोधन में छात्रों के सर्वांगीण विकास और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए बोर्ड परीक्षा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव तत्पर है।

 धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक शुभांकर सरकार ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुक अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।इस तरह आध्यात्मिक वातावरण और प्रेरणादायक संदेशों के बीच डीएवी लोदना के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए विदा किया गया।

विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अब विद्यार्थियों की नजरें बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टिकी हैं।