धनबाद मेयर संजीव सिंह का बड़ा ऐलान! नहीं लेंगे मानदेय, जनता के पैसे से होगा सिर्फ विकास
धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने बिना मानदेय काम करने का फैसला लिया है। उन्होंने निगम में पारदर्शिता, सादगी और जनहित को प्राथमिकता देने की बात कही है। वहीं नगर आयुक्त आशीष गंगवार अब हर मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद नगर निगम में नई शहर सरकार बनने के बाद बदलाव की बयार दिखने लगी है। मेयर संजीव सिंह ने एक बड़ा और चर्चा में रहने वाला फैसला लेते हुए बिना मानदेय काम करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग केवल विकास कार्यों और जनहित में होना चाहिए, न कि अनावश्यक खर्च और दिखावे पर।
यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया के मारवाड़ी विद्यालय में लगा हेल्थ कैंप, 178 छात्रों और 16 शिक्षकों की हुई मुफ्त नेत्र व दंत जांच
मेयर संजीव सिंह ने इस संबंध में प्रशासक को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वह मेयर पद के लिए मिलने वाला मानदेय नहीं लेंगे। उन्होंने अनुरोध किया है कि इस राशि को निगम के अन्य विकास कार्यों और जरूरी योजनाओं में उपयोग किया जाए।
‘जनता के पैसे का सही उपयोग हो’
मेयर ने अपने पत्र में कहा कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने तय किया है कि नगर निगम में पारदर्शिता और सादगी को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम के संसाधनों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि वे जनसेवा की भावना से कार्य करें और फिजूलखर्ची से बचें। निगम के कार्यक्रम भी सादगी के साथ आयोजित किए जाएं ताकि जनता के पैसे की बचत हो सके। मेयर संजीव सिंह का यह फैसला राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे जनसेवा और ईमानदार राजनीति की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।
अब हर मंगलवार और शुक्रवार लगेगा जनता दरबार
धनबाद नगर निगम ने लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई व्यवस्था भी शुरू की है। नगर आयुक्त आशीष गंगवार अब सप्ताह में दो दिन जनता दरबार लगाएंगे। नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार (राजकीय अवकाश छोड़कर) सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई होगी। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं सीधे नगर आयुक्त के सामने रख सकेंगे।
जनता दरबार में पानी, सफाई, नाली, सड़क, स्ट्रीट लाइट, बिजली, ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग टैक्स, संपत्ति कर, जलजमाव, खराब पेयजल आपूर्ति और पीएम आवास योजना जैसी समस्याओं पर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
मौके पर ही होगा समस्याओं का समाधान
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से जनता दरबार शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को भौतिक जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाएगा। इससे विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता दोनों आएगी।
निगम कार्यालय में जल्द शुरू होगी लिफ्ट सुविधा
नगर निगम प्रधान कार्यालय में लंबे समय से लिफ्ट लगाने की मांग की जा रही थी। नई व्यवस्था के तहत अब इस दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है।जानकारी के अनुसार निगम कार्यालय में लिफ्ट लगाने का काम अंतिम चरण में है और संभावना जताई जा रही है कि बुधवार तक लोगों को लिफ्ट सुविधा मिलने लगेगी। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी राहत मिलेगी।






