बिहार: कैमूर में छोटे भाई बना जल्लाद! बड़े भाई के पूरे परिवार के 4 टुकड़े कर सूटकेस-बोरी में फेंके शव
बिहार के कैमूर जिले में दिल दहला देने वाला चारहरे हत्याकांड सामने आया है। छोटे भाई विकास गुप्ता ने बड़े भाई कृष्ण मुरारी गुप्ता, उसकी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर शवों के टुकड़े कर सूटकेस और बोरियों में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
कैमूर (Threesocieties.com Desk): बिहार के कैमूर जिले से ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के डहरक गांव में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और उनके दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शवों के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए गए। कहीं सूटकेस में सिर कटी लाश मिली तो कहीं बोरियों में शव के हिस्से बरामद हुए।
यह भी पढ़ें:गिरिडीह में अश्लील वीडियो रैकेट का भंडाफोड़: टेलीग्राम से बेचते थे नाबालिग के वीडियो, CID ने दबोचे दो आरोपी
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी छोटे भाई विकास कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में कई और लोग भी शामिल थे।
सूटकेस और बोरियों में मिले शव, दहशत में पूरा इलाका
10 मई को चौसा-मोहनियां एनएच-319ए स्थित पनसेरवा दुर्गावती नदी के पास दो सूटकेस से सिर कटी लाशें बरामद हुई थीं। शुरुआत में पुलिस को यह समझ नहीं आया कि शव किसके हैं और हत्या कहां हुई है। दो दिन बाद अभैदे विश्वकर्मा पंप नहर पुलिया के पास दो बोरियों में शव के अन्य टुकड़े मिलने के बाद पुलिस के होश उड़ गए। लगातार अलग-अलग जगहों से मिल रहे मानव अंगों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
आंगनबाड़ी ड्रेस बनी पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग
जांच के दौरान पुलिस को एक बच्ची की आंगनबाड़ी ड्रेस मिली। यहीं से पूरा मामला खुलना शुरू हुआ। पुलिस ने पता लगाया कि डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता की बेटी कृति कई दिनों से आंगनबाड़ी केंद्र नहीं जा रही थी। इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और बंद पड़े घरों की जांच शुरू की। कृष्ण मुरारी गुप्ता के घर पर कई दिनों से ताला लटका मिला। जब पुलिस ने ताला तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।
घर के अंदर फैला था खून, हर कमरे में मौत के निशान
एसपी हरिमोहन शुक्ला और एसडीपीओ प्रदीप कुमार की मौजूदगी में जब घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर तेज बदबू फैली हुई थी। कमरों में जगह-जगह खून के धब्बे थे। धारदार हथियार पड़े मिले और घर का सामान बिखरा हुआ था। पुलिस को यहीं से साफ हो गया कि पूरे परिवार की हत्या घर के अंदर ही की गई और बाद में शवों को काटकर ठिकाने लगाया गया।
मोबाइल सर्विलांस से पकड़ा गया आरोपी भाई
कैमूर पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी विकास कुमार गुप्ता को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस अब नदी और नालों में कटे सिरों की तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि दो सिर दुर्गावती नदी में फेंके गए हैं। गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
भाइयों के बीच पुराना विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
ग्रामीणों के अनुसार कृष्ण मुरारी गुप्ता चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव के लोगों का कहना है कि भाइयों के बीच रिश्ते बेहद खराब थे और अक्सर झगड़े होते रहते थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव और पुरानी दुश्मनी ही इस सामूहिक हत्या की बड़ी वजह बनी।
पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका था मृतक
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कृष्ण मुरारी गुप्ता पर पहले भी हत्या का आरोप लग चुका था। वर्ष 2020 में उसने अपने साले सूरज गुप्ता की हत्या की थी, जिसके बाद वह जेल भी गया था। अब पुलिस पुराने विवादों, पारिवारिक रंजिश और आपराधिक इतिहास को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को कई और आरोपियों की तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी और योजनाबद्ध वारदात अकेले एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। जांच में कई अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका है। फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
क्या बोले एसडीपीओ?
एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि एक आरोपी विकास कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। दो सिर बरामद किए जा चुके हैं और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।






