बिहार: बांका में कार-बाइक की भीषण टक्कर, खाई में गिरी कार; बुजुर्ग समेत 3 की मौके पर मौत, 4 घायल
बिहार के बांका में तारापुर-देवघर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, कार-बाइक टक्कर में 3 की मौत और 4 घायल। हादसे के बाद कार 50 फीट खाई में गिरी, इलाके में मचा हड़कंप।
बांका(Threesocieties.com Desk): बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। शनिवार सुबह तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर जिलेबिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र : नासिक में कुएं में गिरी Maruti XL6, एक ही परिवार के नौ की दर्दनाक मौत, 6 मासूम भी शामिल
अजगैबीनाथ धाम से लौट रही थी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग भागलपुर जिले के अजगैबीनाथ धाम में गंगा स्नान कर देवघर पूजा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जिलेबिया मोड़ के पास कांवड़िया पथ पर सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर गई तीनों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के बनरझोप गांव निवासी रुपेश कुमार साह (28), सुरेंद्र साह (46) व बालेश्वर साह (59) के रूप में की गई है।
50 फीट खाई में गिरी कार, चार लोग घायल
हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे करीब 50 फीट नीचे जंगल में जा गिरी। कार में सवार पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रवीन कुमार गुप्ता व खुशबू कुमारी घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इलाके में पसरा मातम
इस हादसे के बाद मृतकों के गांव बनरझोप में मातम छा गया है। एक ही इलाके के तीन लोगों की एक साथ मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।






