बिहार: BMSICL डीजीएम की अकूत दौलत का खुलासा: SVU रेड पड़ते ही फेंके 1.25 करोड़ के गहने और 32 लाख कैश!
पटना में SVU की बड़ी कार्रवाई में BMSICL के DGM पंकज कुमार के ठिकानों पर छापा पड़ा। छापेमारी के दौरान 32 लाख नकद और करीब 1.32 करोड़ के सोने-हीरे के गहने बरामद हुए। आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच जारी।
- DGM पंकज कुमार की संपत्ति देख SVU की टीम भी हैरान
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Special Vigilance Unit (SVU) ने गुरुवार को Bihar Medical Services and Infrastructure Corporation Limited के उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई इस कार्रवाई के दौरान जो खुलासे हुए, उसने जांच टीम को भी हैरान कर दिया।
छापेमारी के दौरान अधिकारी को देखते ही पंकज कुमार ने करीब सवा करोड़ रुपये के हीरे-सोने-चांदी के जेवरात और 32 लाख रुपये नकद बाहर फेंकने की कोशिश की। हालांकि टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी संपत्ति जब्त कर ली।
13 साल की नौकरी में करोड़ों की संपत्ति का आरोप
SVU के अनुसार पंकज कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्होंने अपने करीब 13 वर्षों की सेवा अवधि में आय से कहीं अधिक संपत्ति जमा की।जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ लगभग 96.46 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर अदालत से छापेमारी का वारंट लिया था।
पटना में तीन ठिकानों पर एक साथ छापा
SVU की टीम ने गुरुवार को Patna में पंकज कुमार के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें शामिल हैं: कदमकुआं स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट का फ्लैट, सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीघाट स्थित आवास व पीएमसीएच परिसर में स्थित BMSICL का कार्यालय। तलाशी के दौरान कई अचल संपत्तियों और निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच में सामने आई कई फ्लैट और निवेश
छापेमारी के दौरान जांच टीम को पता चला कि पंकज कुमार के नाम पर कई संपत्तियां दर्ज हैं।
कंकड़बाग के पृथ्वीपुर स्थित शिवम अपार्टमेंट में दो फ्लैट
कदमकुआं स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट में एक फ्लैट
बैंक खातों और अन्य निवेश से जुड़े कई दस्तावेज
इसके अलावा जांच के दौरान सोने के आभूषण खरीदने से जुड़ी 150 से अधिक रसीदें भी बरामद हुईं।
क्या-क्या बरामद हुआ?
छापेमारी के दौरान SVU टीम ने बड़ी मात्रा में संपत्ति जब्त की:
32 लाख रुपये नकद
करीब 1.32 करोड़ रुपये के हीरा, सोना और चांदी के जेवरात
150 से अधिक ज्वेलरी खरीद की रसीदें
बैंक खातों और वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज
पंकज कुमार ने पूछताछ के दौरान जब्त नकदी और जेवरात को अपनी संपत्ति बताया है।
जांच अभी जारी
SVU अधिकारियों के मुताबिक जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है और बैंक खातों, निवेश और अन्य संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






