70 की उम्र में 20 साल की युवती से चौथा निकाह, गाजियाबाद में सपा नेता पर बवाल; दूसरी पत्नी पहुंची पुलिस

गाजियाबाद में 70 वर्षीय पूर्व पार्षद हाजी खलील के 20 साल की युवती से चौथे निकाह पर विवाद खड़ा हो गया है। दूसरी पत्नी ने पुलिस में शिकायत देकर संपत्ति विवाद, धमकी और घर से निकालने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच शुरू हो गई है।

70 की उम्र में 20 साल की युवती से चौथा निकाह, गाजियाबाद में सपा नेता पर बवाल; दूसरी पत्नी पहुंची पुलिस
यासमीन-हाजी खलील (फाइल फोटो)।

गाजियाबाद (Threesocieties.com Desk): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में 70 वर्षीय पूर्व पार्षद हाजी खलील के चौथे निकाह को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि उन्होंने अपने से करीब 50 साल छोटी 20 वर्षीय युवती से निकाह कर लिया है। इस मामले में उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह भी पढ़ें: Job के साथ IIT की MBA डिग्री! IIT/ISM धनबाद में Executive MBA एडमिशन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया

कोतवाली थाना क्षेत्र के कैला भट्टा मोहल्ले में रहने वाले हाजी खलील को स्थानीय स्तर पर समाजवादी पार्टी से जुड़ा नेता बताया जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से उन्हें सपा नेता मानने से इनकार किया गया है।

दूसरी पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

नाजरीन अपने बेटे के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचीं और एडिशनल पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि हाजी खलील हर शादी के बाद पत्नी और बच्चों को छोड़ देते हैं।नाजरीन ने बताया कि उनका निकाह वर्ष 1991 में हाजी खलील से हुआ था। उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि खलील पहले से शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। बाद में पता चला कि पहली पत्नी से उनके आठ बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि उनसे भी खलील के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।

तीसरी पत्नी को तलाक, फिर चौथा निकाह

शिकायत के मुताबिक वर्ष 2010 में हाजी खलील ने तीसरी शादी की थी। लेकिन तीसरी पत्नी से संतान नहीं होने पर उसे तीन तलाक देकर अलग कर दिया गया। अब उन्होंने 20 वर्षीय युवती यासमीन से चौथा निकाह कर लिया है। नाजरीन का आरोप है कि नई पत्नी की नजर परिवार की संपत्ति पर है और हाजी खलील संपत्ति उसके नाम करने की तैयारी में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विरोध करने पर उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई तथा घर से निकाल दिया गया।

11 बच्चों का परिवार, अब बढ़ा संपत्ति विवाद

बताया जा रहा है कि हाजी खलील की तीन शादियों से कुल 11 बच्चे हैं। पहली पत्नी से आठ, दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हैं, जबकि तीसरी पत्नी से कोई संतान नहीं हुई। चौथे निकाह के बाद अब परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद और गहरा गया है।

पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

मामले में एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं हाजी खलील ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि शिकायत करने वाली महिला से उनका वैध निकाह नहीं हुआ था। फिलहाल मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।