दुमका में ब्राउन शुगर पर पुलिस का बड़ा एक्शन! पगवारा पहाड़ से 3 तस्कर गिरफ्तार, आरोपी के पास मिला नशा

दुमका के पगवारा पहाड़ में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करते तीन युवकों को गिरफ्तार किया। कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मुख्य आरोपी पर हत्या, आर्म्स एक्ट और NDPS के कई मामले दर्ज हैं।

दुमका में ब्राउन शुगर पर पुलिस का बड़ा एक्शन! पगवारा पहाड़ से 3 तस्कर गिरफ्तार, आरोपी के पास मिला नशा
SDPO नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में छापेमारी।

Advertisement

   HighLights:

  • दुमका के पगवारा पहाड़ के पास पुलिस ने की बड़ी छापेमारी।
  • ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करते तीन युवक गिरफ्तार।
  • तीनों आरोपी हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव के निवासी।
  • कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद।
  • मुख्य आरोपी मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया पर हत्या, आर्म्स एक्ट और NDPS के कई मामले दर्ज।
  • सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

दुमका(Threesocieties.com Desk): पगवारा पहाड़ के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर दुमका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक पर पहले से हत्या, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नवल किशोर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:10 बजे पुलिस अधीक्षक दुमका को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पगवारा पहाड़ के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री एवं सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी

दोपहर करीब 2:20 बजे पुलिस टीम पगवारा पहाड़ पहुंची तो तीन युवक झाड़ियों के पास बैठे दिखाई दिए। पुलिस वाहन देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वे भागने का संतोषजनक कारण नहीं बता सके। तलाशी लेने पर तीनों के पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया (27 वर्ष), पिता साजिद अंसारी
रिजवान अंसारी (29 वर्ष), पिता वाजिद अंसारी
फिरोज अंसारी उर्फ ठेपुआ (26 वर्ष), पिता नसीम अंसारी

तीनों आरोपी सिंघनी गांव, थाना हंसडीहा, जिला दुमका के रहने वाले हैं।

इतनी मात्रा में मिली ब्राउन शुगर

पुलिस के अनुसार बरामदगी इस प्रकार हुई—

मुनताज अंसारी के पास से 1.91 ग्राम
रिजवान अंसारी के पास से 1.34 ग्राम
फिरोज अंसारी के पास से 1.24 ग्राम

कुल मिलाकर 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।

मुख्य आरोपी पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ—

हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला।
NDPS एक्ट के तहत पूर्व मामला।
BNS एवं NDPS एक्ट के तहत मामला।
आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला पहले से दर्ज है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में पु०नि० प्रियंका आनन्द हँसडीहा प्रभाग,. पु०अ०नि० अजित कुमार यादव थाना प्रभारी, हंसडीहा, पु०अ०नि० जिम्मी हांसदा (अनुसंधानकर्ता) ह‍ंसडीहा थाना,. पु०अ०नि० दिलीप हांसदा हंसडीहा थाना व हंसडीहा थाना के पुलिस हवलदार एवं जवान शामिल रहे।