बिहार MLC चुनाव में JDU की टेंशन बढ़ी, अनंत सिंह के समर्थन में उतरे ललन सिंह

Bihar MLC Election में अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर ललन सिंह का बड़ा बयान। बोले- क्रिया होगी तो प्रतिक्रिया भी होगी, पार्टी से हुई चूक।

बिहार MLC चुनाव में JDU की टेंशन बढ़ी, अनंत सिंह के समर्थन में उतरे ललन सिंह
अनंत सिंह के बागी तेवर पर ललन सिंह का बड़ा बयान।

Advertisement

   HighLights:

  • बिहार MLC चुनाव से पहले JDU में अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद गरमाया
  • ललन सिंह ने अनंत सिंह से बात कर सार्वजनिक बयानबाजी रोकने को कहा
  • बोले- अनंत के खिलाफ प्रचार पर कार्रवाई नहीं करना पार्टी की चूक थी
  • ललन सिंह ने कहा- क्रिया होगी तो प्रतिक्रिया भी होगी

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। पटना स्नातक सीट पर JDU उम्मीदवार नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच जारी विवाद को शांत कराने की कोशिश तेज हो गई है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अनंत सिंह के समर्थन में बड़ा बयान दिया है।

ललन सिंह ने अनंत सिंह के बागी तेवर को सीधे तौर पर 'क्रिया की प्रतिक्रिया' बताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा तो उसकी प्रतिक्रिया भी स्वाभाविक है। ललन सिंह के इस बयान से बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज का विरोध कर रहे मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने दो टूक अंदाज में सोमवार को यह फिर कहा कि वह नीरज के लिए वोट नहीं मांगेंगे। केंद्रीय मंत्री व जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज अनंत सिंह से बात की और उन्हें समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माने।

'अनंत सिंह अब कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे'

ललन सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनसे बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने अनंत सिंह से बात की। बातचीत में अनंत सिंह ने अपने पक्ष की पूरी बात उनके सामने रखी। ललन सिंह के मुताबिक, उन्होंने अनंत सिंह से अनुरोध किया है कि वे अब नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कोई बयान न दें। अनंत सिंह ने इस पर सहमति जताई है और भरोसा दिया है कि वह आगे सार्वजनिक बयानबाजी से बचेंगे। ललन सिंह ने कहा कि वैसे इस बात पर अनंत सहमत हो गए हैं कि इस मामले में वह सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं देंगे, ताकि पार्टी का कोई अहित नहीं हो। वह जदयू में थे, अभी हैं और आगे भी रहेंगे।

हालांकि, इससे दोनों नेताओं के बीच विवाद पूरी तरह खत्म होने की घोषणा नहीं हुई है। पार्टी नेतृत्व फिलहाल विवाद को और बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहा है।

'क्रिया हुई है तो प्रतिक्रिया भी होगी'

अनंत सिंह के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि अगर कोई क्रिया हुई है तो उसकी प्रतिक्रिया भी होगी। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने बातचीत के दौरान अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी है। ललन सिंह ने बताया कि जब पिछली नीतीश सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब JDU के कई नेताओं ने अनंत सिंह से सरकार के समर्थन की अपील की थी। अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के कारण सरकार का समर्थन किया था। इसके बाद नीतीश कुमार ने खुद अनंत सिंह को मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने की सलाह दी थी। लेकिन चुनाव के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ कथित तौर पर कई तरह के प्रचार किए गए।

'पार्टी से हुई चूक'

ललन सिंह ने माना कि अनंत सिंह के खिलाफ जब प्रचार अभियान चलाया जा रहा था, तब पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने इसे बिहार JDU स्तर पर हुई चूक बताया। ललन सिंह के मुताबिक, यदि उस समय पार्टी की ओर से कार्रवाई की जाती तो शायद स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अनंत सिंह की नाराजगी अचानक पैदा नहीं हुई है, बल्कि इसके पीछे पुरानी घटनाएं भी हैं।

नीरज कुमार पर भी ललन सिंह का बड़ा बयान

ललन सिंह से जब पूछा गया कि अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर उनके खिलाफ चुनाव में काम करने का आरोप लगाया है, तो उन्होंने विस्तार से प्रतिक्रिया देने से इनकार किया। हालांकि, इसी दौरान उन्होंने एक अहम बात कही। ललन सिंह ने माना कि अनंत सिंह के खिलाफ चलाए गए अभियान में नीरज कुमार के शामिल होने की बात सामने आई थी। अनंत सिंह का आरोप है कि जिन्होंने उनके पक्ष में वोट मांगने के बजाय उनके खिलाफ काम किया, उनके लिए वह चुनाव में समर्थन नहीं करेंगे। इसी नाराजगी के चलते वह पटना स्नातक सीट पर NDA उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं।

बैठक में भी सामने आई थी अनंत की नाराजगी

ललन सिंह ने बताया कि MLC चुनाव से पहले हुई एक बैठक में अनंत सिंह ने अपनी शिकायतें नेताओं के सामने रखी थीं। इस बैठक में नीरज कुमार भी मौजूद थे। अनंत सिंह ने कथित तौर पर आरोप लगाया था कि उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ अभियान चलाया गया। उन्होंने इसी आधार पर नीरज कुमार के लिए चुनाव प्रचार करने से इनकार किया।

पटना स्नातक सीट पर दिलचस्प हुआ मुकाबला

पटना स्नातक सीट का चुनाव अब JDU के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनता जा रहा है। NDA की ओर से नीरज कुमार मैदान में हैं, जबकि जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिल रहा है। नीरज कुमार ने 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में चुनावी मैदान में मुकाबला दिलचस्प होने के साथ-साथ JDU के भीतर की राजनीतिक खींचतान भी चर्चा का विषय बन गई है।ललन सिंह की पहल के बाद अनंत सिंह ने सार्वजनिक बयानबाजी से पीछे हटने पर सहमति तो जताई है, लेकिन चुनाव में उनका समर्थन किसके साथ रहता है और इसका परिणाम पर कितना असर पड़ता है, यह आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण होगा।