पलामू में अनोखी विदाई: दुल्हन की तरह सजी गाड़ी में रवाना हुईं एसपी रिष्मा रमेशन, नए अफसरों का जोरदार स्वागत

पलामू में एसपी रिष्मा रमेशन को भावुक विदाई, दुल्हन की तरह सजी गाड़ी में हुई रवानगी, नए एसपी कपिल चौधरी और डीसी दिलीप शेखावत का भव्य स्वागत।

पलामू में अनोखी विदाई: दुल्हन की तरह सजी गाड़ी में रवाना हुईं एसपी रिष्मा रमेशन, नए अफसरों का जोरदार स्वागत
पूर्व एसपी रिष्मा रमेशन को विदाई दी गई।

पलामू (Threesocieties.com Desk): झारखंड के पलामू जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित स्वागत-सह-विदाई समारोह ने एक भावुक और यादगार माहौल बना दिया। जहां एक ओर नए अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, वहीं दूसरी ओर निवर्तमान अधिकारियों को सम्मान और भावनाओं के साथ विदाई दी गई।

यह भी पढ़ें: NGO की आड़ में गंदा खेल! HR हेड को जबरन गले लगाकर चूमा, नागपुर में चेयरमैन गिरफ्तार

नए अधिकारियों का भव्य स्वागत

समारोह में जिले के नए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न अनुमंडलों के एसडीपीओ, सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों को बुके, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

निवर्तमान अधिकारियों को सम्मानजनक विदाई

कार्यक्रम में निवर्तमान एसपी रिष्मा रमेशन और पूर्व उपायुक्त समीरा एस को पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई। उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अधिकारियों और कर्मियों ने उनके नेतृत्व और योगदान को याद किया।

बेटी की तरह दी गई विदाई, भावुक हुआ माहौल

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब पूर्व एसपी रिष्मा रमेशन को विदाई दी गई। उनकी गाड़ी को दुल्हन की तरह सजाया गया था और उन्हें ठीक उसी तरह विदा किया गया जैसे किसी बेटी को विवाह के बाद विदा किया जाता है। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।

रिष्मा रमेशन ने साझा किए अपने अनुभव

अपने संबोधन में रिष्मा रमेशन ने कहा कि पलामू उनका पहला स्वतंत्र जिला रहा, जहां उन्होंने काफी कुछ सीखा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि बिना टीमवर्क के कोई भी नेतृत्व सफल नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुई किसी भी अनजानी गलती के लिए क्षमा मांगते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।